आंगनबाड़ी सेविकाओं को योजनाओं की मिली जानकारी, विशेष जागरूकता अभियान की हुई शुरुआत

आंगनबाड़ी सेविकाओं को योजनाओं की मिली जानकारी, विशेष जागरूकता अभियान की हुई शुरुआत

=================================

 

हुसैनाबाद,पलामू: महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग, झारखंड सरकार की ओर से संचालित “संकल्प : एचईडब्लू (हेल्थ,एजुकेशन एंड वेलनेस) यानी महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य , शिक्षा और समग्र कल्याण पर केंद्रित योजना के तहत 2 सितंबर से 12 सितंबर 2025 तक चलने वाले 10 दिवसीय विशेष जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई है। इस अभियान के तहत महिलाओं एवं किशोरियों को सशक्त बनाने तथा सरकारी योजनाओं से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया है। वरीय महिला पर्यवेक्षिका सीमा झा, प्रेमलता कुजूर, कांति देवी आदि ने अभियान के क्रम में गत 6 सितंबर को बाल विकास परियोजना, हुसैनाबाद के सभागार में आंगनबाड़ी सेविकाओं को केंद्र प्रायोजित योजनाओं की गहन जानकारी दी । इनमें एफआरएस(फेस कैप्चर) प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और अपार आईडी पर विस्तार से चर्चा की गई। सेविकाओं को बताया गया कि एफआरएस परिवार को समग्र सहयोग देने का माध्यम है, जबकि प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना गर्भवती महिलाओं को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराकर उनके पोषण एवं स्वास्थ्य की जरूरतें पूरी करने में सहायक है।आंगनबाड़ी सेविकाओं से अपेक्षा की गई कि वे अपने केंद्र के तहत घर-घर जाकर इन योजनाओं की जानकारी महिलाओं तक पहुँचाएं और अधिक से अधिक पात्र लाभुकों का नामांकन सुनिश्चित करें।

विशेष जागरूकता अभियान के तहत विशेष रूप से अपार आईडी के बारे में प्रशिक्षण दिया गया, जिसके तहत 3 से 6 वर्ष तक के बच्चों का अपार आईडी बनाने का प्रशिक्षण दिया गया। इसके जरिए बच्चों को आंगनबाड़ी सेवाओं से जोड़ने, पोषण ट्रैकिंग करने और शिक्षा की दिशा में आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।इस अवसर पर सेविकाओं को यह भी बताया गया कि योजनाओं की सही जानकारी और नामांकन प्रक्रिया गांव-गांव तक पहुंचाना उनकी अहम जिम्मेदारी है। जबकि जिला समाज कल्याण पदाधिकारी नीता चौहान ने पत्र के माध्यम से स्पष्ट संदेश दिया है कि यह विशेष अभियान केवल जानकारी देने तक सीमित नहीं है, बल्कि महिलाओं और बच्चों को आत्मनिर्भर और सुरक्षित बनाने की दिशा में ठोस पहल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *