आदिवासी उद्यमशीलता से सशक्तिकरण की दिशा में बढ़ें युवा : शिल्पी नेहा तिर्की
रांची:
झारखंड सरकार की मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने आज IIM Ranchi में ट्राइबल उद्यमशीलता विषय पर आयोजित सभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने आदिवासी समाज के आर्थिक सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज लंबे समय से शोषण का शिकार रहा है और कई बार बाजार व्यवस्था ही इसका माध्यम बनी है। इसलिए ट्राइबल उद्यमशीलता को बढ़ावा देते समय उनकी संस्कृति, परंपरा और सामाजिक संरचना को समझना बेहद जरूरी है।
मंत्री ने युवाओं से अपील की कि वे उद्यमशीलता के क्षेत्र में आगे आएं और अपने समुदाय के हितों का प्रतिनिधित्व करें। उन्होंने यह भी कहा कि विकास कार्य सस्टेनेबिलिटी के सिद्धांतों पर आधारित होना चाहिए, क्योंकि आदिवासी समाज प्रकृति के संरक्षण और संतुलन को प्राथमिकता देता है।
उन्होंने आगे कहा कि आदिवासी संस्कृति और परंपराओं को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए ऐसे ब्रांड और उत्पाद विकसित किए जाने चाहिए, जो आधुनिक बाजार की जरूरतों के अनुरूप हों, लेकिन अपनी जड़ों से जुड़े रहें।
कार्यक्रम के अंत में मंत्री ने IIM Ranchi का आभार व्यक्त किया और कहा कि इस प्रकार के आयोजन प्रतिभागियों के लिए प्रेरणादायक और ज्ञानवर्धक साबित होते हैं।
