ईस्टर पर रांची में उमड़ी आस्था, कब्रिस्तानों में श्रद्धालुओं की भीड़
रांची : ईस्टर के पावन अवसर पर मसीही विश्वासियों ने रविवार को श्रद्धा और आस्था के साथ प्रभु यीशु मसीह के पुनरुत्थान का पर्व मनाया। मान्यता है कि क्रूस पर चढ़ाए जाने के तीसरे दिन प्रभु यीशु मृतकों में से पुनर्जीवित हुए थे।
इसी पुनरुत्थान की स्मृति में मसीही समुदाय के लोग सीएनआई चर्च के कांटाटोली स्थित कब्रिस्तान और जीईएल चर्च के कब्रिस्तान में एकत्रित हुए। यहां उन्होंने अपने पूर्वजों की कब्रों पर फूल अर्पित कर विनती प्रार्थना की।
परिवार के दिवंगत सदस्यों को याद करते हुए विश्वासियों ने उनकी आत्मा की शांति के लिए विशेष प्रार्थनाएं कीं। सुबह 3 बजे से ही कब्रिस्तानों में श्रद्धालुओं का जुटना शुरू हो गया था।
धार्मिक मान्यता के अनुसार, जिस प्रकार प्रभु यीशु मसीह मृतकों में से जी उठे, उसी प्रकार एक दिन सभी मृतकों का पुनरुत्थान होगा। उनके पुनः आगमन पर मृत आत्माओं को नया जीवन मिलेगा और उन्हें स्वर्ग में स्थान प्राप्त होगा।
