ग्रामीण कार्य विभाग का बड़ा बजट: 11,312 करोड़ रुपये का प्रस्ताव
=================================
पटना
ग्रामीण कार्य विभाग, बिहार सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 11,312 करोड़ रुपये का बजट प्रस्तावित किया है। इस बजट का उद्देश्य राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क और पुल निर्माण को बढ़ावा देना है।
ग्रामीण कार्य विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों की आधारभूत संरचना के सुदृढ़ीकरण एवं विस्तार हेतु एक विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर ली है। गांवों के विकास को रफ्तार देने के लिए विभाग ने आगामी वित्तीय वर्ष के लिए कुल 11,312.18 करोड़ रुपये का बजट प्रस्तावित किया है, जिसमें राज्य की विभिन्न योजनाओं और स्थापना व्यय की राशि शामिल है। विभाग का मुख्य संकल्प राज्य के सभी टोलों, बसावटों और ग्रामों को बारहमासी संपर्कता प्रदान करना तथा पूर्व से निर्मित पुरानी सड़कों का सुदृढ़ीकरण एवं सही तरीके से रखरखाव करना है ।
बिहार में कुल 1,19,800.37 किलोमीटर ग्रामीण सड़कों तथा 2,834 पुलों का निर्माण कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण किया जा चुका है। इसके अतिरिक्त, ग्रामीण सम्पर्कता को और बेहतर बनाने के लिए वर्तमान में राज्य भर में 7,133 किलोमीटर लंबी सड़कों का निर्माण कार्य तेजी से हो रहा है ।
मुख्यमंत्री ग्रामीण सेतु योजना के तहत राज्य में अब तक 909 नए पुलों के निर्माण को स्वीकृति दी गई है, जिनमें से 660 पुलों के निर्माण के लिए एकरारनामा (एग्रीमेंट) पूरा किया जा चुका है।
पुरानी सड़कों और पुल-पुलियों के रखरखाव में कोई कमी न रहे, इसके लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 में गैर-योजना मद से 2,000 करोड़ रुपये की बड़ी राशि के व्यय का प्रस्ताव रखा गया है ।
पर्यावरण में कार्बन उत्सर्जन को कम करने के उद्देश्य से सड़कों के निर्माण में ‘वेस्ट प्लास्टिक’ और ‘ग्रीन टेक्नोलॉजी’ का उपयोग करते हुए अब तक 7,214 किलोमीटर सड़कों का निर्माण कराया जा चुका है । इसके अलावा, सड़कों के किनारे हरियाली बढ़ाने के लिए विभाग द्वारा 6 लाख 40 हजार पौधे लगाए गए हैं । साथ ही, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को विश्वस्तरीय बनाने के लिए विभाग के नवनियुक्त 480 सहायक अभियंताओं को आईआईटी पटना में विशेष तकनीकी प्रशिक्षण दिलाया जा रहा है।
मुख्य तथ्य
******
– *अब तक 1,19,800.37 किलोमीटर ग्रामीण सड़कों और 2,834 पुलों का निर्माण पूर्ण*
– *7,214 किलोमीटर सड़कों का निर्माण ‘वेस्ट प्लास्टिक’ और ‘ग्रीन टेक्नोलॉजी’ का उपयोग करके किया गया*
– *7,133 किलोमीटर सड़कों का निर्माण कार्य प्रगति पर*
– *सात निश्चय-3 के तहत ग्रामीण सड़क चौड़ीकरण योजना के लिए 595 सड़कों का भौतिक सत्यापन पूरा*
