घाघरा में भीषण सड़क हादसा: पेड़ से टकराई अनियंत्रित बाइक, लोहरदगा के दो युवकों की मौत
======================
घाघरा/गुमला: घाघरा थाना क्षेत्र के नवडीहा नया पुल मोड़ के समीप बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों के चिराग बुझा दिए। बाइक के अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा जाने के कारण लोहरदगा निवासी दो युवकों की जान चली गई।
सूत्र के अनुसार लोहरदगा निवासी पंकज उरांव (25 वर्ष) और विजय उरांव (26 वर्ष) कुराग गांव स्थित अपने एक रिश्तेदार के घर गए थे। रात में वहां भोजन करने के बाद दोनों मोटरसाइकिल से अपने घर लोहरदगा लौट रहे थे। इसी दौरान नवडीहा नया पुल के पास उनकी तेज रफ्तार बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई।
इलाज के दौरान तोड़ा दम
टक्कर इतनी जोरदार थी कि पंकज उरांव की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, विजय उरांव गंभीर रूप से घायल हो गया।
स्थानीय ग्रामीणों की मदद से विजय को तुरंत घाघरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए लोहरदगा रेफर कर दिया।
दुर्भाग्यवश, 108 एंबुलेंस से लोहरदगा ले जाने के क्रम में रास्ते में ही विजय ने भी दम तोड़ दिया।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही घाघरा पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। इस घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
