जहानाबाद,समाज कल्याण विभाग द्वारा आयोजित पेंशन महोत्सव कार्यक्रम का शुभारंभ
====================================
जहानाबाद: 11 जुलाई 2025
बिहार सरकार के ग्रामीण कार्य मंत्री एवं जहानाबाद जिला प्रभारी मंत्री डॉ. अशोक चौधरी ने आज जहानाबाद के अब्दुल बारी नगर भवन में समाज कल्याण विभाग द्वारा आयोजित पेंशन महोत्सव कार्यक्रम में भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसके बाद मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने वीडियो कॉन्फ़्रेंसिंग के माध्यम से पूरे राज्य में इस योजना का विधिवत शुभारंभ किया।
अपने संबोधन में मंत्री डॉ. चौधरी ने मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार को सामाजिक न्याय के साथ विकास की अवधारणा को ज़मीन पर उतारने वाला सच्चा समाज सुधारक बताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जी ने राजा राममोहन राय, ईश्वरचंद्र विद्यासागर और महात्मा फुले जैसे विचारकों की प्रेरणा से समाज में व्याप्त कुरीतियों के खिलाफ गहरी लड़ाई लड़ी है और आज का बिहार उनकी दूरदृष्टि, ईमानदारी और संवेदनशील शासन शैली का प्रत्यक्ष प्रमाण है।
डॉ. चौधरी ने कहा कि जहानाबाद कभी जातिवाद, नक्सलवाद और उन्माद की आग में झुलसता था, लेकिन वर्ष 2005 के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी के नेतृत्व में यह ज़िला विकास, शांति और सौहार्द की धरती में बदल चुका है। उन्होंने ज़िलाधिकारी श्रीमती अलंकृता पांडेय और पुलिस अधीक्षक श्री विनीत कुमार से आग्रह किया कि मुख्यमंत्री जी की नीतियों और योजनाओं को ज्यों का त्यों निष्पक्षता और निष्ठा के साथ लागू करें, ताकि लाभ वास्तविक ज़रूरतमंदों तक पहुँचे।
पेंशन योजनाओं की प्रगति पर प्रकाश डालते हुए डॉ. चौधरी ने बताया कि पहले जहां वृद्ध, विधवा और दिव्यांगजनों को ₹400 की मासिक पेंशन मिलती थी, उसे अब बढ़ाकर ₹1100 प्रति माह कर दिया गया है — यह मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार जी की लोककल्याण की भावना और वंचितों के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उन्होंने बताया कि जून 2025 में जहानाबाद जिले के 1,33,097 पेंशनधारियों को कुल ₹14,65,15,900 की राशि का भुगतान किया गया।
पेंशन योजनाओं का वितरण इस प्रकार है:
संयुक्त रूप से प्रायोजित योजनाएं (केंद्र ₹200 + राज्य ₹900):
1. इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना – ₹3,74,38,500 (34,035 लाभार्थी)
2. इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना – ₹54,79,100 (4,981 लाभार्थी)
3. इंदिरा गांधी राष्ट्रीय निःशक्तता पेंशन योजना – ₹2,86,000 (260 लाभार्थी)
राज्य सरकार द्वारा प्रायोजित योजनाएं:
4. बिहार निःशक्तता पेंशन योजना – ₹1,84,35,200 (16,748 लाभार्थी)
5. राज्य लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना – ₹1,78,04,800 (16,180 लाभार्थी)
6. मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना – ₹6,70,72,300 (60,893 लाभार्थी)
डॉ. चौधरी ने कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से विधवा महिलाओं, वृद्धजनों एवं दिव्यांगजनों को गरिमामय जीवन जीने का अवसर और आर्थिक सुरक्षा प्रदान की जा रही है, जो सशक्त, समावेशी और संवेदनशील बिहार के निर्माण की दिशा में मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार जी का निर्णायक कदम है। “मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी का नेतृत्व बिहार की सबसे बड़ी ताक़त है — जो हर वर्ग, हर गांव और हर व्यक्ति तक न्याय, सुविधा और गरिमा पहुँचाने के संकल्प के साथ कार्य कर रहा है।”
इस अवसर पर जदयू जिलाध्यक्ष एवं बीस सूत्री कार्यक्रम उपाध्यक्ष श्री दिलीप कुशवाहा, जिलाधिकारी श्रीमती अलंकृता पांडेय, पुलिस अधीक्षक श्री विनीत कुमार, डीडीसी डॉ. प्रीति सहित कई विभागीय पदाधिकारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।
