झारखंड पंचायत चुनाव पर बड़ा ऐलान: समय पर होंगे चुनाव, OBC को मिलेगा 27% आरक्षण – मंत्री दीपिका पांडेय सिंह
तय समय 2027 अप्रैल मई
रांची: झारखंड में अगले वर्ष होने वाले पंचायत चुनाव को लेकर राज्य सरकार ने बड़ा ऐलान किया है। ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने स्पष्ट किया है कि पंचायत चुनाव तय समय पर ही कराए जाएंगे और इसमें किसी प्रकार की देरी नहीं होगी। साथ ही उन्होंने यह भी दावा किया कि आगामी पंचायत चुनाव में ओबीसी वर्ग को 27 प्रतिशत आरक्षण दिया जाएगा।मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने बताया कि पंचायत चुनाव की तैयारियां तेज़ी से चल रही हैं और विभाग को सभी प्रक्रियाएं तय समय सीमा के भीतर पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव लोकतंत्र की जड़ को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं, इसलिए इसे समय पर कराना सरकार की प्राथमिकता है।
केंद्र सरकार को भेजा गया प्रस्ताव
ओबीसी आरक्षण के मुद्दे पर मंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने 27 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण लागू करने का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेज दिया है। उन्होंने कहा कि केंद्र से सकारात्मक संकेत मिले हैं और उम्मीद है कि अगले साल होने वाले पंचायत चुनाव 27 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण के साथ ही कराए जाएंगे।
अधिकारियों को दिए गए सख्त निर्देश
मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि ओबीसी आयोग और राज्य चुनाव आयोग से जुड़ी सभी प्रक्रियाओं को समय पर पूरा किया जाए, ताकि चुनाव में किसी प्रकार की बाधा न आए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सामाजिक न्याय, पारदर्शिता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है।उन्होंने भरोसा दिलाया कि झारखंड में पंचायत चुनाव समय पर, पारदर्शी और सुचारु तरीके से संपन्न कराए जाएंगे।
