नेत्र सेवाओं में रिकॉर्ड उपलब्धि, लक्ष्य से अधिक ऑपरेशन कर बिहार ने बनाई नई मिसाल – मंगल पांडेय
पटना – बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने कहा कि राज्य सरकार नेत्र रोगों की रोकथाम, जांच एवं उपचार के प्रति पूरी तरह सजग है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा आमजनों को अत्याधुनिक सुविधाओं के साथ बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण नेत्र चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
स्वास्थ्य मंत्री श्री मंगल पांडे ने कहा कि राज्य के 26 जिला अस्पतालों सहित पटना राजेंद्र नगर स्थित अति विशिष्ट मित्र अस्पताल में 1 अप्रैल 2025 से फरवरी 2026 तक 10,81,928 लोगों का नेत्र परीक्षण किया गया।इनमें से 2,73,264 दृष्टिदोष से पीड़ित मरीजों को निःशुल्क चश्मा उपलब्ध कराया गया।6 लाख 11 हजार से अधिक मोतियाबिंद ऑपरेशन सफलतापूर्वक किए गए हैं।
वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए निर्धारित 5,55,000 ऑपरेशन के लक्ष्य के विरुद्ध फरवरी 2026 तक 6,11,889 ऑपरेशन कर राज्य ने तय लक्ष्य को पार कर लिया है।
बिहार में नेत्र सेवाओं को और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से नेत्र सहायक के 220 पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया अंतिम चरण में है।
राजेन्द्र नगर स्थित अतिविशिष्ट नेत्र अस्पताल और इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (आईजीआईएमएस) परिसर में क्षेत्रीय चक्षु संस्थान में अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं।
