पटना, 7 अप्रैल 2026: बिहार राज्य खेल प्राधिकरण ने राजेन्द्र नगर मोइनुल हक स्टेडियम स्थित चन्द्रगुप्त जल बिहार तरणताल (स्विमिंग पूल) का शुभारंभ किया है। यह स्विमिंग पूल अब आम लोगों के लिए उपलब्ध है।
बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के कार्यकारी निदेशक श्री रविंद्र नाथ चौधरी ने शुभारंभ कर दिया है।
इस अवसर पर श्री आनंदी कुमार, क्रीड़ा कार्यपालक, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, तरणताल के प्रबंधक श्री राजेश कुमार,महिला तैराकी प्रशिक्षक पूजा दुबे ,तैराकी प्रशिक्षक श्री दिनेश कुमार और श्री अमित कुमार भी उपस्थित रहे।
श्री चौधरी ने बताया कि तैराकी सीखने और प्रशिक्षण के लिए खिलाड़ियों और आम लोगों की लगातार बढ़ती मांग को ध्यान में रखते हुए इस तरणताल को आज से आम लोगों के लिए उपलब्ध करा दिया गया है।
महिलाओं एवं बच्चों के लिए विशेष सुविधा का ख्याल रखा गया है साथ ही खिलाडियों के लिए अलग से अभ्यास करने के लिए समय दिया गया है।
सुबह 6 से 7 बजे तक पुरुषों के लिए, 7 से 8 बजे तक पुरुष एवं बच्चों के लिए, 8 से 9 बजे तक महिलाओं के लिए और 9 से 10 बजे तक पुरुष और अतिथि सदस्यों के लिए तरणताल उपलब्ध रहेगा। शाम को 4 से 5 बजे तक राज्य स्तर पर प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों के लिए,5 से 6 बजे तक महिलाओं एवं अतिथि सदस्यों के लिए, 6 से 7 बजे तक पारिवारिक सदस्यों एवं बच्चों के लिए तथा 7 से 8 बजे तक पुरुषों एवं अतिथि सदस्यों के लिए स्विमिंग करने की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
इस तरणताल में स्विमिंग की सुविधा अप्रैल से अक्टूबर माह तक उपलब्ध है। बिहार राज्य खेल प्राधिकरण द्वारा स्विमिंग पूल की सुविधाओं का लाभ लेने के लिए सदस्यता शुल्क रखा गया है। वयस्क महिला और पुरुषों के लिए अप्रैल से अक्टूबर तक का सदस्यता शुल्क 10000 रुपये तथा एक माह के लिए 3500/- रुपये है, वहीं 12 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के लिए 7000 और 2000 रुपये हैं। राज्य का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों के लिए अप्रैल से अक्टूबर तक के लिए 3000 और एक माह के लिए 500 रुपये है। पारिवारिक सदस्यता शुल्क 21000 और एक माह के लिए 7000 रुपये है जिनमें एक पुरुष एक महिला और एक या दो बच्चे शामिल होंगे। अतिथि सदस्यों के लिए 200 रुपये प्रति घंटे की सदस्यता शुल्क लागू रहेगी।
स्विमिंग पूल की सदस्यता लेने के लिए इच्छुक लोग स्विमिंग पूल के मैनेजर राजेश कुमार को 7903446038 और आनंदी कुमार, क्रीड़ा कार्यपालक बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, को 9835291222 पर संपर्क कर विस्तृत जानकारी ले सकते हैं।
