पीएम मोदी ने मन की बात में मुजफ्फरपुर की ‘सोलर दीदी’ की तारीफ कर बिहार को दिया सम्मान: डॉ. दिलीप जायसवाल
===================================
पटना, 31 अगस्त।
भाजपा प्रदेश कार्यालय में आज प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल समेत तमाम नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसंवाद कार्यक्रम ‘मन की बात’ को तन्मयता से सुना।
भाजपा प्रदेश कार्यालय में ‘मन की बात’ सुनने वालों में भाजपा अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल के अलावा उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सहित कई मंत्री, प्रदेश के पदाधिकारी और सैंकड़ों कार्यकर्ता शामिल रहे। सभी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रेरक विचारों को सुना।
‘मन की बात’ सुनने के बाद भाजपा अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने कहा कि वास्तव में, यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संवाद सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि करोड़ों भारतीयों का मार्गदर्शन का माध्यम है। नए भारत के संकल्पों को स्वर देता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज देश की प्रतिभा की चर्चा की। गाँव में रहकर भी अगर समर्पण हो तो प्रतिभा को साबित किया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि पीएम ने बिहार की मुजफ्फरपुर की रतनपुरा गाँव की रहने वाली महिला देवकी की भी चर्चा की जिसने सोलर पंप से अपने गांव की किस्मत बदल दी है।
प्रधानमंत्री ने अपने मन की बात में कहा, “मुज़फ्फरपुर के रतनपुरा गांव की रहने वाली देवकी जी को लोग अब प्यार से “सोलर दीदी” कहते हैं। देवकी जी का जीवन आसान नहीं था। कम उम्र में शादी हो गई, छोटा सा खेत, चार बच्चों की जिम्मेदारी और भविष्य की कोई साफ तस्वीर नहीं। लेकिन उनका हौंसला कभी टूटा नहीं।”
प्रधानमंत्री ने सोलर दीदी के जीवन को रेखाँकित करते हुए कहा कि वे एक स्वयं सहायता समूह से जुड़ी और वहीं उन्हें सोलर पंप के बारे में जानकारी मिली। उन्होंने सोलर पंप के लिए प्रयास शुरू किए और उसमें सफल भी रहीं। सोलर दीदी के सोलर पंप ने इसके बाद जैसे गांव की तस्वीर ही बदल दी।
गांव में जहां पहले कुछ एकड़ में जमीन की सिंचाई हो पाती थी, अब सोलर दीदी के सोलर पंप से 40 एकड़ से ज्यादा क्षेत्र में पानी पहुँच रहा है। सोलर दीदी के इस अभियान में गांव के दूसरे किसान भी जुड़ गए हैं। उनकी फसलें हरी-भरी होने लगी हैं और आमदनी बढ़ने लगी।
प्रधानमंत्री ने अपने मन की बात में सोलर दीदी की जीवनी का जिक्र करते हुए कहा कि पहले सोलर दीदी की जिंदगी चारदीवारी के भीतर सिमटी हुई थी। लेकिन आज वो पूरे आत्मविश्वास से अपना काम कर रही हैं, पैसे कमा रही हैं और सबसे दिलचस्प बात यह है कि वो क्षेत्र के किसानों से यूपीआई के जरिए पेमेंट लेती हैं। अब पूरे गांव में उन्हें बहुत सम्मान से देखा जाता है। उनकी मेहनत और दूरदर्शिता ने दिखा दिया है कि सौर-ऊर्जा सिर्फ बिजली का साधन नहीं है, बल्कि ये गांव-गांव में नई रोशनी लाने वाली एक नई शक्ति भी है।
पीएम मोदी ने इस उदाहरण के माध्यम से सौर ऊर्जा के उपयोग और महिला सशक्तिकरण का संदेश देते हुए कहा कि यह तकनीक और हौसला देश के छोटे किसानों और ग्रामीण महिलाओं की जिंदगी बदल सकता है। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि वे इस बदलाव का हिस्सा बनें और सौर ऊर्जा के माध्यम से अपनी खेती और जीवन को समृद्ध करें।
अपने संबोधन के दौरान पीएम मोदी ने समाज में प्रेरणा देने वाले उन लोगों का भी उल्लेख किया, जिन्होंने व्यक्तिगत प्रयासों से देशहित में मिसाल पेश की है।
