सड़क हादसे में असहाय हुए पांच बच्चे, उपायुक्त के निर्देश पर प्रशासनिक अधिकारियों ने किया पीड़ित परिवार का दौरा
====================
गुमला: घाघरा थाना क्षेत्र के देवाकी मोड़ के समीप शुक्रवार की रात सड़क हादसे में नवाडीह गाँव निवासी प्रकाश उरांव की मृत्यु हो गई। इस हृदयविदारक घटना ने पूरे गाँव को गहरे शोक में डाल दिया है। प्रकाश उरांव के निधन के बाद उनके पाँच छोटे बच्चे पूरी तरह असहाय हो गए हैं। परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार दो वर्ष पूर्व ही उनकी पत्नी बच्चों को छोड़कर घर से चली गई थी, जिसके बाद से पिता ही बच्चों का एकमात्र सहारा थे।
उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के निर्देश पर संबंधित अधिकारी गाँव पहुँचे और पीड़ित बच्चों की स्थिति की जानकारी ली। इस दौरान जिला सामाजिक सुरक्षा सहायक निदेशक ललन कुमार एवं जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी अमर कुमार ने नवाडीह पंचायत, कुगाँव घाघरा जाकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और बच्चों की परिस्थितियों को निकट से समझा।
जिला सामाजिक सुरक्षा सहायक निदेशक ने ग्राम सेवक को स्पष्ट निर्देश दिया है कि पीड़ित परिवार एवं बच्चों से संबंधित सभी आवश्यक दस्तावेज तत्काल तैयार कराए जाएँ, ताकि उन्हें शैक्षणिक, पोषण एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ शीघ्र उपलब्ध कराया जा सके।
उपायुक्त ने निर्देशित किया है कि बच्चों को किसी भी स्थिति में उपेक्षित न छोड़ा जाए और उनकी देखभाल एवं भरण-पोषण की समुचित व्यवस्था की जाए।
उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित ने बाल संरक्षण कोषांग को निर्देश दिया है कि सड़क दुर्घटनाओं से यदि किसी बच्चे के माता पिता गुजर गए हैं,वैसे बच्चों को प्राथमिकता के आधार पर उन्हें सरकारी सहायता प्रदान की जाए ।बच्चों की सुरक्षा जिला प्रशाशन की प्राथमिकता है।
