बिहार ओपन फिडे रेटिंग शतरंज का भव्य आगाज
पटना, 25 मार्च 2026
: बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, खेल विभाग, बिहार सरकार एवं अखिल बिहार शतरंज संघ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित बिहार ओपन फिडे रेटिंग शतरंज प्रतियोगिता आज से पटना के कंकड़बाग स्थित पाटलिपुत्र खेल परिसर में आरम्भ हो गई।
इस प्रतियोगिता में चार देशों के एवं अठारह राज्यों के कुल 617 खिलाड़ियों ने भाग लिया, जिसमें एक ग्रैंडमास्टर, एक इंटरनेशनल मास्टर एवं तीन एफ एम शामिल हैं। आज प्रतियोगिता के दूसरे चक्र में शीर्ष बोर्ड पर खेलते हुए शीर्ष वरीयता प्राप्त खिलाड़ी, रूस के ग्रैंडमास्टर पीटर क्रियाकोव ने बंगाल की रियाना खातून को पराजित किया।
अखिल बिहार शतरंज संघ के सचिव धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्घाटन भारतीय ग्रैंडमास्टर नारायण श्रीनाथ ने किया। उन्होंने बिहार सरकार द्वारा खेल के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की और कहा कि बिहार में खेल प्रतिभाओं को निखारने का काम जारी है।
