बिहार के राज्यपाल ने आचार्य किशोर कुणाल को दिया श्रद्धांजलि
========================
बिहार के राज्यपाल श्री आरिफ़ मोहम्मद ख़ान ने आचार्य किशोर कुणाल की पुण्यतिथि के पूर्व उनके पटना स्थित आवास पर पहुँचकर उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। राज्यपाल ने बताया कि 18 तारीख को बरूराज, मुज़फ़्फ़रपुर में कोहरे के कारण आयोजित बरसी कार्यक्रम में वे सम्मिलित नहीं हो सके थे। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि 29 तारीख को आयोजित पुण्यतिथि कार्यक्रम के समय वे बिहार में उपस्थित नहीं रहेंगे।
इस अवसर पर राज्यपाल ने आचार्य किशोर कुणाल को एक दूरदर्शी व्यक्तित्व बताते हुए कहा कि नई पीढ़ी को उनके जीवन और कार्यों से सीख लेने की आवश्यकता है। उन्होंने बिहार में सामाजिक समरसता की एक सशक्त मिसाल स्थापित की। एक अधिकारी के रूप में तथा समाजसेवक के रूप में उनका योगदान अद्वितीय रहा, जिसे युग-युगांतर तक स्मरण किया जाता रहेगा।
इस दौरान आचार्य किशोर कुणाल की धर्मपत्नी श्रीमती अनीता कुणाल, पुत्र सायण कुणाल, पुत्रवधू शांभवी, विधान परिषद सदस्य विजय सिंह, नागरिक परिषद के महासचिव छोटू सिंह, महावीर संस्थान के कर्मचारीगण तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
