शहरी विकास को नई रफ्तार, पारदर्शिता और सुशासन पर जोर
पटना: नगर विकास एवं आवास विभाग द्वारा विगत 100 दिनों में किए गए कार्यों एवं उपलब्धियों के संबंध में माननीय उप मुख्यमंत्री सह नगर विकास एवं आवास मंत्री श्री विजय कुमार सिन्हा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि विभाग ने पारदर्शिता, सुव्यवस्था और जनहित को केंद्र में रखते हुए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं।
अवैध होर्डिंग एवं अवैध पार्किंग के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई है। मीट शॉप के संचालन एवं हाइजीन हेतु लाइसेंस अनिवार्य कर दिया गया है। विभाग द्वारा सभी निविदाओं का निष्पादन ई-टेंडरिंग के माध्यम से सुनिश्चित किया जा रहा है।
PM SVANidhi योजना के तहत 39,573 फुटपाथ विक्रेताओं के आवेदनों को बैंकों द्वारा स्वीकृति दी गई है, जिनमें से 31,428 लाभार्थियों को वित्तीय सहायता प्रदान की जा चुकी है। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत 42,122 नए आवेदन प्राप्त हुए हैं, जबकि 6,843 आवास पूर्ण हो चुके हैं।
AMRUT 2.0 के तहत छपरा जलापूर्ति, जहानाबाद एवं मोतिहारी सीवरेज परियोजनाओं के लिए कार्यादेश जारी किए गए हैं। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को सुदृढ़ करने के लिए 35 नगर निकायों में मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी एवं कम्पोस्ट प्लांट स्थापित किए गए हैं।
पटना मेट्रो रेल परियोजना के तहत प्राथमिकता कॉरिडोर के अंतर्गत खेमनीचक एवं मलाही पकड़ी स्टेशनों का कार्य तेजी से प्रगति पर है।
