हुसैनाबाद में अवैध हथियार के साथ नाबालिग गिरफ्तार
हुसैनाबाद,पलामू:
जपला से हैदरनगर जाने वाले मुख्य मार्ग पर हुसैनाबाद पुलिस ने सघन वाहन चेकिंग के दौरान एक विधि-विरुद्ध बालक को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार संध्या गश्ती के दौरान थाना प्रभारी के निर्देश पर नगर पंचायत कार्यालय के समीप वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान जपला की ओर से आ रही लाल रंग की मोटरसाइकिल पुलिस को देखकर करीब 50 मीटर पहले रुक गई, जिससे संदेह हुआ।
संदेह के आधार पर सशस्त्र बल की सहायता से घेराबंदी कर मोटरसाइकिल सवार को पकड़ लिया गया। विधिवत तलाशी लेने पर उसके कमर के पिछले हिस्से में खोंसकर रखा गया एक देशी कट्टा एवं एक जिंदा गोली बरामद हुई। साथ ही टीभीएस लाल रंग की मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन संख्या जे एच 03एजी-1391) को भी जब्त कर लिया गया।इस संबंध में हुसैनाबाद थाना कांड संख्या 64/26, दिनांक 22.03.2026, धारा 25 (1-बी)ए/26 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार विधि-विरुद्ध बालक को निरुद्ध कर बाल सुधार गृह भेजे जाने की कार्रवाई की जा रही है।
छापामारी दल में पुनि. सह-थाना प्रभारी चन्दन कुमार, पुअनि. कमल किशोर पाण्डेय, पुअनि. मुकेश कुमार सिंह ,रमण यादव, हवलदार कार्तिक प्रसाद मेहता, आरक्षी विकास राम एवं चा.आ. अखिलेश राम शामिल थे।
