कांग्रेस वह मरा हुआ घोड़ा ,जो घास नहीं खा सकता : संतोष सुमन
==================================पटना, 06/06/2025
हम के राष्ट्रीय अध्यक्ष व लघु जल संसाधन मंत्री डॉ. संतोष सुमन ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी पांच महीने में पांच बार या हर महीने में पांच बार बिहार आएं, उनका सारा प्रयास निरर्थक साबित होगा। बिहार में कांग्रेस वह मरा हुआ घोड़ा है जो घास नहीं खा सकता है।श्री सुमन ने कहा कि बिहार में अब तिकड़म नहीं, विकास की राजनीति चलेगी। बिहार के हर तबके के लोगों को विकास का स्वाद लग चुका है। कांग्रेस और उसके गठबंधन के दलों के पास विकास का कोई एजेंडा नहीं है।श्री सुमन ने कहा कि बिहार की महिलाएं राजद-कांग्रेस के किसी झांसे में आने वाली नहीं है। माँ-बहिन सम्मान योजना की दोनों दल अलग-अलग घोषणा कर रहे हैं। संसद में महिलाओं को आंख मारने व फ्लाइंग किस दे कर अपमानित करने वाले राहुल गांधी और महिला आरक्षण विधेयक का विरोध करने वाले राजद पर बिहार की महिलाएं कभी भरोसा नहीं करेंगी।उन्होंने कहा कि जातीय उन्माद, नफरत और विद्वेष की राजनीति और तुष्टिकरण के जरिये कांग्रेस-राजद वोट हासिल करना चाहता है। इसीलिए इंडी गठबंधन के दल अफवाह और भ्रम फैला कर अतिपिछड़ों व दलितों को गुमराह कर रहा है।