रूपस महाजी में बहुस्तरीय खेती पर जागरूकता बैठक, किसानों और उद्यमियों को मिलेगा सीधा लाभ

रूपस महाजी में बहुस्तरीय खेती पर जागरूकता बैठक, किसानों और उद्यमियों को मिलेगा सीधा लाभ

रूपस

रूपस महाजी (दियारा क्षेत्र) में 25 एवं 26 जनवरी 2026 को प्रोफेसर धर्मेन्द्र कुमार सिंह के नेतृत्व में किसानों, युवा किसानों, छात्रों एवं स्थानीय व्यवसायियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में बहुस्तरीय खेती (Multilevel Farming) की अवधारणा, उसके लाभ एवं प्रति एकड़ संभावित मुनाफे पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में प्रोफेसर सिंह ने बताया कि बहुस्तरीय खेती के माध्यम से कम भूमि में अधिक उत्पादन संभव है, जिससे किसानों की आय में कई गुना वृद्धि हो सकती है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस आधुनिक कृषि पद्धति से वर्ष के सभी मौसमों में उत्पादन लिया जा सकता है, जिससे किसानों को निरंतर आमदनी प्राप्त होगी।

दियारा क्षेत्र के लिए यह अवसर इसलिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण है क्योंकि यह क्षेत्र हाल ही में कच्ची दरगाह–बिदुपुर सिक्स लेन पुल से जुड़ा है। इस संपर्क मार्ग के माध्यम से अब किसान अपने उत्पादों को सीधे बिहार के सभी प्रमुख बाजारों तक आसानी से पहुंचा सकते हैं। इससे बिचौलियों की भूमिका कम होगी और किसानों को उनके उत्पाद का उचित मूल्य मिलेगा।

बैठक में उपस्थित व्यवसायियों ने भी कृषि आधारित उद्यमों की संभावनाओं पर रुचि दिखाई और कहा कि दियारा क्षेत्र में उत्पादन, भंडारण, प्रसंस्करण और विपणन के नए अवसर विकसित हो सकते हैं। इससे न केवल किसानों बल्कि स्थानीय युवाओं को भी रोजगार के अवसर मिलेंगे।

कार्यक्रम के अंत में यह निष्कर्ष निकाला गया कि बहुस्तरीय खेती और बेहतर सड़क संपर्क दियारा क्षेत्र के किसानों एवं व्यापारियों के लिए आर्थिक समृद्धि का नया द्वार खोल रहा है। आने वाले समय में यह क्षेत्र कृषि और व्यवसाय दोनों दृष्टि से एक आदर्श मॉडल के रूप में उभर सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *