खाद्य सुरक्षा विभाग और तंबाकू निषेध टीम की संयुक्त कार्रवाई – कई दुकानों में पाई गई गंभीर अनियमितताएँ

====================
गुमला: उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के निर्देश पर आज खाद्य सुरक्षा विभाग, गुमला एवं तंबाकू निषेध टीम द्वारा शहर के विभिन्न बाजार क्षेत्रों में व्यापक संयुक्त छापेमारी अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी प्रकाश चंद्र गुग्गी तथा तंबाकू निषेध पदाधिकारी वंदना स्मिता होरो के नेतृत्व में संचालित की गई, जिसमें मुख्य बाजार, भीड़-भाड़ वाले व्यापारिक क्षेत्र, बड़े किराना प्रतिष्ठान, आर मार्ट, P.K मार्ट सहित कई रिटेल दुकानों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा टीम ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता, भंडारण व्यवस्था, लाइसेंस एवं दस्तावेजों की वैधता, निर्माण एवं एक्सपायरी तिथि सहित सभी आवश्यक बिंदुओं की जांच की। कई दुकानों में अनुचित भंडारण, खुले में खाद्य सामग्री रखना तथा पैक्ड वस्तुओं पर अधूरी जानकारी जैसी गंभीर अनियमितताएँ पाई गईं। इन मामलों में संबंधित खाद्य सामग्री को मौके पर ही नष्ट कराया गया तथा प्रतिष्ठानों को भविष्य में एक्सपायरी सामग्री नहीं रखने का कड़ा निर्देश दिया गया। अधिकारियों ने अवगत कराया कि खाद्य सुरक्षा अधिनियम का उल्लंघन पाए जाने पर आगे दुकान सील करने सहित सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
इसी क्रम में तंबाकू निषेध टीम द्वारा किए गए निरीक्षण में COTPA एक्ट के कई उल्लंघन सामने आए। कई दुकानों पर अनिवार्य चेतावनी बोर्ड नहीं लगाए गए थे, साथ ही कुछ स्थानों पर स्कूल, अस्पताल एवं सार्वजनिक स्थलों के निकट तंबाकू उत्पादों की बिक्री की पुष्टि हुई। धूम्रपान निषेध क्षेत्रों में नियमों का पालन न करने के मामलों में संबंधित दुकानदारों पर ₹2500 का अर्थदंड लगाया गया तथा सख्त चेतावनी दी गई कि भविष्य में ऐसे प्रकरण दोहराए जाने पर सीधी सीलिंग कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों ने सभी दुकानदारों को स्वच्छ एवं सुरक्षित भंडारण प्रणाली अपनाने, लाइसेंस तथा दस्तावेजों को अद्यतन रखने, एक्सपायरी उत्पादों की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध तथा तंबाकू उत्पादों की बिक्री COTPA एक्ट के नियमों के अनुरूप ही करने के निर्देश दिए।
जनहित में टीम ने नागरिकों से अपील की कि मिलावटी, नकली, एक्सपायरी खाद्य पदार्थों या नाबालिगों को तंबाकू उत्पाद बेचे जाने की सूचना तुरंत खाद्य सुरक्षा विभाग या जिला प्रशासन को दें।
