खूंटी में प्रेम प्रसंग बना खौफनाक हत्या की वजह — पति ने पत्नी के प्रेमी को कुल्हाड़ी से काटकर उतारा मौत के घाट, आरोपी गिरफ्तार
=====================
खूंटीः झारखंड के खूंटी जिले के अड़की थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां अवैध संबंध के शक में एक पति ने अपनी पत्नी के प्रेमी की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी भी जब्त कर ली गई है।
घटना सोमवार देर रात की है। जानकारी के अनुसार, मृतक युवक चातमसाल गांव का रहने वाला था। वह दिन में फुटबॉल मैच देखकर लौटा और रात में खाना खाकर अपने घर में सो गया। इसी दौरान आरोपी पति ने मौका पाकर आधी रात को घर में घुसकर युवक पर टांगी से ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना का खुलासा मंगलवार दोपहर हुआ, जब ग्रामीणों ने घर से खून से लथपथ शव देखा और अड़की थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इसके बाद छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी को काफी समय से शक था कि उसकी पत्नी का युवक के साथ अवैध संबंध है। इसी कारण वह गुस्से में रहता था और मौके की तलाश में था। हत्या के बाद आरोपी कुछ समय तक फरार रहा, लेकिन ग्रामीणों ने मिलकर उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
थाना प्रभारी प्रवीण तिवारी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रारंभिक जांच में हत्या का कारण अवैध संबंध ही प्रतीत हो रहा है। उन्होंने कहा कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और बुधवार को जेल भेजा जाएगा।
इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। प्रेम और शक के बीच पनपी यह दुश्मनी आखिरकार एक निर्दोष जान की कीमत बन गई।
