गन्ना किसानों के लिए खुशखबरी: गन्ना बीज पर 50% अनुदान मिलेगा
पटना
बिहार सरकार ने गन्ना किसानों के लिए एक बड़ा ऐलान किया है। गन्ना बीज पर 50% अनुदान मिलेगा, जिससे किसानों की उत्पादन लागत में कमी आएगी और उन्हें आर्थिक लाभ मिलेगा।
गन्ना उद्योग विभाग के अपर मुख्य सचिव के. सेंथिल कुमार ने कहा कि बिहार में चीनी मिलों की संख्या बढ़ाने की दिशा में सरकार तत्परता से कार्य कर रही है। इसलिए अधिक से अधिक गन्ना खेती को बढ़ाया जाए। ताकि मिलों को गन्ना की कमी नहीं रहे। गन्ना किसानों को अधिकतम पाँच एकड़ तक की खेती के लिए गन्ना बीज पर 50 प्रतिशत अनुदान उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि उत्पादन लागत में कमी आए और किसानों को प्रत्यक्ष आर्थिक लाभ मिल सके।
राज्य सरकार द्वारा 25 नई चीनी मिलों की स्थापना के संबंध में लिए गए निर्णय के आलोक में अपर मुख्य सचिव ने शुक्रवार को विभागीय सभागार में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक को संबोधित करते हुए उक्त बातें कहीं।
उन्होंने कहा कि गन्ना किसानों के बकाये मूल्य का 15 दिनों के अंदर भुगतान किया जाए। साथ ही साथ राज्य के सभी गन्ना किसानों का 15 दिनों के अंदर रजिस्ट्रेशन कराने का निर्देश दिए। इसके पहले उन्होंने ईख मूल्य भुगतान, मुख्यमंत्री गन्ना विकास योजना, यांत्रिकरण योजना, गुड़ प्रोत्साहन योजना, चीनी मिलों की समस्या, नई चीनी मिलों की स्थापना और अन्य योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों की हित के लिए कई योजनाएं चला रही है।
बैठक में संयुक्त ईखायुक्त जेपीएन सिंह, सभी चीनी मिलों के महाप्रबंधक, सभी उपनिदेशक, सहायक निदेशक सभी ईख पदाधिकारी मौजूद थे।
