तकनीकी बाधा से पंजीकरण प्रभावित: घाघरा पंचायत में ‘सरकार आपके द्वार’ शिविर का आयोजन

तकनीकी बाधा से पंजीकरण प्रभावित: घाघरा पंचायत में ‘सरकार आपके द्वार’ शिविर का आयोजन

===========================

 

पब्लिक आई न्यूज घाघरा (गुमला): गुमला जिले की घाघरा पंचायत में सोमवार को ‘सरकार आपके द्वार’ शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ी। विशेष रूप से, ‘मैइया सम्मान योजना’ के लाभ के लिए महिलाओं में भारी उत्साह देखा गया और वे सुबह से ही विभिन्न काउंटरों पर लाइन में लगी रहीं।

शिविर में महिलाओं की सबसे बड़ी चिंता मैइया सम्मान योजना के ऑनलाइन पंजीकरण को लेकर रही। तकनीकी गड़बड़ी के कारण योजना का ऑनलाइन लिंक नहीं खुल सका, जिससे पंजीकरण कार्य बुरी तरह प्रभावित हुआ। योजना से वंचित रह जाने की आशंका में फॉर्म भरवाने आई महिलाएं चिंतित दिखीं। ग्रामीणों ने मौके पर अधिकारियों से तकनीकी खामियों को शीघ्र दूर करने की मांग की ताकि सभी पात्र लाभुकों का समय पर पंजीकरण सुनिश्चित हो सके।

मैइया सम्मान योजना के साथ-साथ ‘अबूवा आवास’ योजना को लेकर भी लोगों में काफी उत्साह देखा गया।

शिविर में भूमि संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए एक अलग काउंटर बनाया गया, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अपने आवेदन दर्ज कराए।

कौशल विकास विभाग की ओर से छह युवतियों को मुफ्त कंप्यूटर प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने पर प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के तहत दो नवजात बच्चों का मुंहजूठी कर उन्हें शुभकामनाएं दी गईं और गोद भराई की पारंपरिक रस्म भी निभाई गई।

इस मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी दिनेश कुमार, अंचल अधिकारी सुशील कुमार, पंचायत मुखिया योगेंद्र भगत, प्रखंड प्रमुख सविता देवी सहित सभी वार्ड सदस्य और विभिन्न विभागों के कर्मचारी उपस्थित रहे। विभिन्न विभागों के स्टॉलों पर योजनाओं की जानकारी दी गई और आवेदन स्वीकार किए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *