नगर पालिका परिषद रतनपुर सीएमओ पर लगे भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप क्षेत्रीय विधायक की मांग मुख्यमंत्री से सीएमओ को हटाने की और जांच करने की
*===========================*
रतनपुर! 2अक्टूबर
रतनपुर नगर पालिका परिषद में भ्रष्टाचार का बड़ा मामला सामने आया है। विधायक अटल श्रीवास्तव ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) खेत कुमार पटेल पर गंभीर आरोप लगाए हैं। विधायक का कहना है कि CMO ने नगर पालिका को अपना निजी वसूली अड्डा बना लिया है और विकास कार्यों की निविदाओं में धांधली कर मोटा कमीशन लिया जा रहा है। CMO खेत कुमार पटेल पर नगर के विकास कार्यों की निविदाओं में खुलेआम कमीशनखोरी करने का आरोप है। ठेकेदारों से 10-15% तक की भारी-भरकम राशि वसूल की जा रही है। नगर में सफाई से लेकर निर्माण तक, हर काम के पीछे अवैध वसूली का नेटवर्क खड़ा कर दिया गया है।
विधायक अटल श्रीवास्तव ने राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) को भेजे गए एक विस्तृत पत्र में आरोप लगाया है कि CMO खेत कुमार पटेल के खिलाफ शिकायतों के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने इस पत्र की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उप मुख्यमंत्री अरुण साव को भी भेज दी है, जिससे मामला अब राज्य की सत्ता के गलियारों तक पहुंच गया है।
रतनपुर नगर के लोगों का कहना है कि नगर पालिका में कई महीनों से भ्रष्टाचार का बोलबाला है और छोटे से छोटे काम के लिए घूस मांगी जाती है। नगरवासियों ने विधायक की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि अगर सरकार सच में पारदर्शिता चाहती है तो तत्काल CMO को पद से हटाकर जांच करानी चाहिए।
अब देखना होगा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उप मुख्यमंत्री अरुण साव इस मामले में तुरंत हस्तक्षेप करेंगे या नहीं। क्या EOW जांच में बड़े खुलासे होंगे? क्या CMO खेत कुमार पटेल को पद से हटाया जाएगा? या फिर यह मामला भी नौकरशाही की फाइलों में दबकर रह जाएगा? फिलहाल, पूरा नगर यही कह रहा है कि “नगर पालिका में सफाई अभियान सिर्फ कागजों पर, हकीकत में भ्रष्टाचार का साम्राज्य”
