बैंक हड़ताल आज: सरकारी बैंकों में कामकाज ठप
पटना, 27 जनवरी 2026
आज 27 जनवरी 2026 को देशभर के सरकारी बैंकों में हड़ताल है, जिससे बैंकिंग सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने 5-दिवसीय कार्य सप्ताह की मांग को लेकर इस हड़ताल का आह्वान किया है ।आज पटना चाणक्य होटल प्रांगण में पंजाब नेशनल बैंक कर्मचारी अपनी 5-दिवसीय कार्य सप्ताह की मांग को लेकर हड़ताल पर हैं। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के बैनर तले, 9 बैंक यूनियनों के कर्मचारी इस हड़ताल में शामिल हैं ।
पंजाब नेशनल बैंक यूनियन सेक्रेट्री अभय कुमार सिंह ने कहा कि सरकार से 5-दिवसीय कार्य सप्ताह और शेष शनिवार को बैंक अवकाश घोषित करने की मांग की जा रही है। इसी मांग को लेकर पंजाब नेशनल बैंक के कर्मचारी एक दिवसीय हड़ताल पर यहां उपस्थित है।
वहीं पंजाब नेशनल बैंक की यूनियन के पटना अध्यक्ष बलवंत कुमार सिंह ने कहा कि भारतीय बैंक संघ (IBA) ने 2024 में इस मांग को मंजूरी दे दी थी, लेकिन सरकार की ओर से अभी तक कोई निर्णय नहीं हुआ है। अगर हमारी मांगों पर सरकार ध्यान नहीं देती है तो फिर हम लोग आने वाले दिनों में अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का फैसला कर सकते हैं।
गौरतलब है कि बैंकों की इस हड़ताल से सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक जैसे एसबीआई, पंजाब नेशनल बैंक, बैंक ऑफ़ बड़ोदा, बैंक ऑफ़ इंडिया,केनरा बैंक एवं कुछ पुराने निजी क्षेत्र के बैंक भी इससे प्रभावित हो सकते हैं।
आम लोगों के लिए इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था दी गई है जिसमें डिजिटल बैंकिंग सेवाएं ,यूपीआई और इंटरनेट बैंकिंग हड़ताल के समय जारी रहेगी। साथ ही साथ एटीएम एवं सीएसपी सेंटर के माध्यम से भी पैसों का ट्रांजैक्शन किया जा सकता है।
