राज्य के गैर चीनी मिल क्षेत्रों में गन्ने की खेती के विस्तार की कवायद

गन्ना फसल क्षेत्र विस्तार योजना के तहत 468.93 एकड़ में लगा गन्ना बीज

पटना, 11 अप्रैल।

बिहार में बंद चीनी मिलों को पुनः चालू करने के साथ ही 25 नई चीनी मिलों की स्थापना एवं बिहार राज्य गुड़ उद्योग प्रोत्साहन योजना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गन्ना उद्योग विभाग द्वारा गन्ना फसल क्षेत्र विस्तार योजना शुरू की गई है, ताकि गैर चीनी मिल क्षेत्रों में गन्ना खेती को बढ़ाया जा सके। गौरतलब है कि राज्य सरकार बंद चीनी मिलों को चालू करने के साथ-साथ बिहार के 25 जिलों में नई चीनी मिलों की स्थापना के लिए प्रयासरत है। इसके अतिरिक्त, जहां चीनी मिलें नहीं हैं, वहां गुड़ उद्योग को बढ़ावा दिया जा रहा है। इस हेतु गन्ना उद्योग विभाग द्वारा बिहार राज्य गुड़ उद्योग प्रोत्साहन कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है।विभाग के अनुसार, नई चीनी मिलों की स्थापना एवं गुड़ उद्योग को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से गन्ना खेती के विस्तार का कार्यक्रम शुरू किया गया है, जिससे राज्य के किसान गन्ना खेती को अपनाकर अपनी आय बढ़ा सकें। इस योजना के अंतर्गत राज्य के गैर चीनी मिल क्षेत्रों में अब तक 468.93 एकड़ में गन्ने की खेती की जा चुकी है। इसमें भागलपुर, भोजपुर (आरा), दरभंगा, गया, जमुई, मुजफ्फरपुर, पटना, पूर्णिया, सहरसा एवं सीतामढ़ी जिले शामिल हैं।

न्यूनतम 0.25 एकड़ से अधिकतम 5 एकड़ तक के लिए विभाग दे रहा निःशुल्क गन्ना बीज*

गन्ना फसल क्षेत्र विस्तार योजना के तहत जिन क्षेत्रों में चीनी मिल नहीं है, वहां गन्ना खेती को बढ़ावा देने के लिए गन्ना उद्योग विभाग किसानों को निःशुल्क गन्ना बीज उपलब्ध करा रहा है। इस योजना के अंतर्गत न्यूनतम 0.25 एकड़ से लेकर अधिकतम 5 एकड़ तक खेती करने वाले किसानों को निःशुल्क गन्ना बीज दिया जा रहा है। इसके लिए विभागीय अधिकारी लगातार किसानों से संपर्क कर रहे हैं।

गन्ने की खेती से किसानों की आय में वृद्धि एवं रोजगार के अवसर सृजित होंगे

गन्ने की खेती से किसानों की आय में वृद्धि होगी। एक बार गन्ने की बुआई करने के बाद इसे तीन बार तक काटा जा सकता है। गन्ने से गुड़ का उत्पादन कर अतिरिक्त आय प्राप्त की जा सकती है। साथ ही, गन्ने के जूस की मांग में तेजी से वृद्धि हो रही है, जिससे रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

इस संबंध में ईख आयुक्त श्री अनिल कुमार झा ने बताया कि राज्य में गन्ना फसल क्षेत्र विस्तार कार्यक्रम प्रारंभ किया गया है, ताकि किसान पुनः बड़े पैमाने पर गन्ना खेती कर सकें। गैर चीनी मिल क्षेत्रों में किसानों को निःशुल्क गन्ना बीज उपलब्ध कराया जा रहा है। सरकार गन्ना खेती को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *