विश्व पर्यटन दिवस पर मसरिया डैम में विविध कार्यक्रमों का सफल आयोजन
- ====================
गुमला : पर्यटन निदेशालय एवं जिला प्रशासन के निर्देशानुसार विश्व पर्यटन दिवस 2025 के अवसर पर गुमला जिले के अधिसूचित पर्यटन स्थल मसरिया डैम, घाघरा में विविध कार्यक्रमों का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस अवसर पर आयोजित योग अभ्यास, भाषण प्रतियोगिता, पेंटिंग प्रतियोगिता एवं पर्यटन जागरूकता कार्यक्रम में नवोदय विद्यालय के विद्यार्थी एवं शिक्षकगण उत्साहपूर्वक शामिल हुए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उप विकास आयुक्त, गुमला उपस्थित रहे। साथ ही जिला खेल पदाधिकारी-सह-पर्यटन नोडल पदाधिकारी, जिला पर्यटन विशेषज्ञ एवं खेल कार्यालय के कर्मी भी मौजूद रहे और प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने पर्यटन का महत्व, जिम्मेदार पर्यटन एवं सतत विकास विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। वहीं, पेंटिंग प्रतियोगिता में गुमला जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों की सुंदर झलक को चित्रित किया गया। विजेताओं को प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार प्रदान किए गए और सभी प्रतिभागियों को प्रोत्साहन प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर अधिकारियों ने स्वच्छता, संरक्षण एवं जिम्मेदार पर्यटन का संदेश दिया तथा उपस्थित लोगों से आह्वान किया कि वे जिले के पर्यटन स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने एवं संरक्षण कार्यों में सक्रिय योगदान दें।
