सभी समाज के लोग एनडीए के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चल रहे हैं: सम्राट चौधरी

पटना, 9 जून। भाजपा प्रदेश कार्यालय के अटल सभागार में आज सामाजिक संपर्क अभियान के अंतर्गत पासवान समाज की बैठक सम्पन्न हुई। इस बैठक का उद्घाटन भाजपा के नेता और बिहार के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किया। इस मौके पर बड़ी संख्या में पासवान समाज के लोग उपस्थित थे।

 

उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि एनडीए सरकार में हर समाज के लोगों का अटूट विश्वास रहा है। उन्होंने कहा कि अब सभी समाज के लोग एनडीए के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज जाति के नाम पर अपनी रोटी सेंकने का प्रयास राजनीतिक दल करते हैं, लेकिन भाजपा का मूलमंत्र ही सबका साथ-सबका विकास का है। भाजपा सभी समाज के वर्गों के साथ बैठक कर रही है।

 

उन्होंने कहा कि एनडीए विकास की राजनीति करती है। उन्होंने कहा कि पिछले 11 वर्षों में केंद्र की सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’ के मंत्र को लेकर आगे बढ़ रही है। पीएम मोदी ने देश की राजनीति की संस्कृति को बदला है।

 

उन्होंने कहा कि बिहार में 20 सालों से विकास के कार्य किए जा रहे है। इन सालों में सभी क्षेत्र में काम हुए है। उन्होंने कहा कि बिहार के लिए अगला पांच साल काफी महत्वपूर्ण है। अब हम विकसित बिहार की परिकल्पना के साथ आगे बढ़ रहे हैं।

 

उन्होंने उपस्थित समाज के लोगों से बच्चों को शिक्षित करने, नशाबंदी, आपसी सहयोग, सरकार द्वारा सुविधाओं को प्राप्त करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जब तक समाज के लोग शिक्षित नहीं होंगे तब तक उनका समुचित विकास संभव नहीं है। इसके लिए समाज के बीच जागरूकता अभियान चलाने की भी जरूरत बताई।

 

इस कार्यक्रम में बिहार के मंत्री कृष्णनंदन पासवान, भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के अध्यक्ष लखिन्द्र पासवान, रामप्रीत पासवान, ललन पासवान, कविता पासवान, राष्ट्रीय प्रवक्ता गुरु प्रकाश पासवान, प्रदेश उपाध्यक्ष अनामिका पासवान, प्रदेश मंत्री संजय गुप्ता सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *