दस्तावेज सुलझाएंगे मौजूदा प्रशासनिक चुनौतियां; G+3 अभिलेख प्रकोष्ठ भवन निर्माणाधीन
पटना, 27 नवंबर:
बिहार राज्य अभिलेखागार (अभिलेख भवन) में आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का शुक्रवार को सफलतापूर्वक समापन हो गया। “Bihar in History: Archives, Environment, Society, and Cultural Traditions-From Rajagriha to Raj Bhawan” विषय पर केंद्रित इस संगोष्ठी का समापन डॉ. रचना सिंह के वक्तव्य के साथ हुआ।
समापन और संगोष्ठी के दौरान वक्ताओं ने ऐतिहासिक अभिलेखों की वर्तमान प्रासंगिकता और संरक्षण पर जोर दिया। अभिलेख निदेशक डॉ. मो. फैसल अब्दुल्लाह ने कहा कि बदलते समय के साथ अभिलेखागारों की भूमिका में बड़ा परिवर्तन आया है। उन्होंने बताया कि अभिलेखागार अब केवल दस्तावेजों के संग्रहण (Repository of records) तक सीमित नहीं हैं, बल्कि ज्ञान के जीवंत केंद्र के रूप में भी उभर रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि इस सेमिनार का उद्घाटन बिहार के माननीय उप मुख्यमंत्री श्री विजय कुमार चौधरी ने किया था। उद्घाटन अवसर पर उन्होंने विश्वास व्यक्त किया था कि यह आयोजन बिहार के गौरवशाली अतीत और ऐतिहासिक पहलुओं पर नया प्रकाश डालेगा।
वहीं, मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग के अपर मुख्य सचिव श्री अरविन्द कुमार चौधरी ने प्रशासनिक दृष्टिकोण से पुराने अभिलेखों के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि पुराने रिकॉर्ड वर्तमान की कई प्रशासनिक समस्याओं के समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इनके दीर्घकालिक संरक्षण के लिए वैज्ञानिक पद्धतियों का उपयोग किया जा रहा है और राज्य सरकार द्वारा G+3 अभिलेख प्रकोष्ठ भवन का निर्माण कार्य प्रगति पर है।
संगोष्ठी के दौरान युवा शोधकर्ताओं ने विभिन्न विषयों पर अपने शोध पत्र प्रस्तुत किए, जिनमें मुख्य रूप से स्वास्थ्य, आपदा प्रबंधन तथा ब्रिटिशकाल की प्रशासनिक व्यवस्था जैसे विषय शामिल रहे।
राजस्व पर्षद, बिहार के अध्यक्ष-सह सदस्य श्रीमती हरजोत कौर बम्हरा ने युवा शोधकर्ताओं को ऐतिहासिक अनुसंधान की व्यावहारिक उपयोगिता से अवगत कराया। उन्होंने अतीत की नगर नियोजन (Town Planning) व्यवस्था का उदाहरण देते हुए कहा कि ऐतिहासिक अनुभवों से सीख लेकर आज भी बेहतर शहरी नियोजन और प्रबंधन की रणनीतियां तैयार की जा सकती हैं।
