थोड़ी सी बारिश में डूब जाता है कंकड़बाग का शहरी स्वास्थ्य केंद्र, मरीज और डॉक्टर दोनों परेशान

Oplus_16908288

थोड़ी सी बारिश में डूब जाता है कंकड़बाग का शहरी स्वास्थ्य केंद्र, मरीज और डॉक्टर दोनों परेशान
==============≠======
पटना, संवाददाता।
राजधानी पटना के कंकड़बाग स्थित शहरी स्वास्थ्य केंद्र (आयुष्मान आरोग्य मंदिर) की बदहाल स्थिति एक बार फिर सामने आई है। हल्की बारिश होते ही स्वास्थ्य केंद्र परिसर और भवन के अंदर पानी भर जाने से मरीजों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति इतनी गंभीर है कि डॉक्टरों और कर्मचारियों को कई बार सड़क पर खड़े होकर मरीजों का इंतजार करना पड़ता है।
स्थानीय लोगों के अनुसार केंद्र में पिछले कई दिनों से जलजमाव की समस्या बनी हुई है। स्वास्थ्य केंद्र के कमरों, प्रवेश द्वार और आसपास गंदा पानी जमा रहने के कारण मरीज इलाज कराने आने से कतराने लगे हैं। जो मरीज स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचते भी हैं, वे अंदर फैली गंदगी और जलभराव देखकर निराश होकर लौट जाते हैं।
विडंबना यह है कि स्वास्थ्य विभाग लगातार लोगों को घरों और आसपास पानी जमा नहीं होने देने की सलाह देता है। विभाग द्वारा समय-समय पर मलेरिया, डेंगू और अन्य जलजनित बीमारियों से बचाव के लिए जागरूकता अभियान चलाए जाते हैं। इसके बावजूद स्वयं स्वास्थ्य केंद्र परिसर में लंबे समय तक पानी जमा रहना विभागीय दावों पर सवाल खड़े कर रहा है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि कंकड़बाग स्थित यह स्वास्थ्य केंद्र हर वर्ष बारिश के मौसम में जलजमाव की समस्या से जूझता है, लेकिन स्थायी समाधान की दिशा में कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया है। गंदे पानी के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ने की आशंका बनी रहती है, जिससे यहां कार्यरत डॉक्टरों और कर्मचारियों के स्वास्थ्य पर भी खतरा मंडरा रहा है।
लोगों ने प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग से मांग की है कि स्वास्थ्य केंद्र परिसर में जलनिकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, नियमित साफ-सफाई कराई जाए तथा मरीजों और स्वास्थ्यकर्मियों के लिए सुरक्षित एवं स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराया जाए। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द सुधारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो बरसात के मौसम में स्वास्थ्य सेवाएं गंभीर रूप से प्रभावित हो सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *