पटना/8जुलाई। राज्य सरकार ने दरभंगा जिले में गन्ना उत्पादन बढ़ाने और सकरी तथा रैयाम में स्थापित हो रही नई चीनी मिलों को पर्याप्त गन्ना उपलब्ध कराने के लिए ‘गन्ना क्षेत्र विस्तार अभियान-2026’ शुरू करने का निर्णय लिया है। अभियान का उद्देश्य गन्ना किसानों की आय बढ़ाना, खेती का रकबा विस्तारित करना और चीनी उद्योग को मजबूत आधार प्रदान करना है।
राज्य स्तर पर गन्ना उद्योग विभाग के सचिव धर्मेंद्र सिंह की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक के बाद दरभंगा जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में अधिकारियों की बैठक आयोजित कर अभियान की विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई। बैठक में कृषि, सहकारिता, गन्ना उद्योग तथा सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के अधिकारियों ने भाग लिया।
सरकार ने अभियान के प्रभावी संचालन के लिए राज्य, जिला, प्रखंड और पंचायत स्तर पर समितियों का गठन किया है। चारों विभाग आपसी समन्वय से किसानों को गन्ने की उन्नत खेती, सरकारी योजनाओं और तकनीकी सहायता की जानकारी उपलब्ध कराएंगे।
अभियान के तहत अधिकारी गांवों और खेतों तक पहुंचकर किसानों की समस्याओं का मौके पर समाधान करेंगे। बीज, खाद, तकनीकी सलाह और खेती से जुड़ी अन्य आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जाएगा। साथ ही सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के माध्यम से व्यापक जन-जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा।
सरकार का मानना है कि इस समन्वित प्रयास से दरभंगा में गन्ने का रकबा तेजी से बढ़ेगा, सकरी और रैयाम की नई चीनी मिलों को पर्याप्त कच्चा माल मिलेगा तथा किसानों की आय और क्षेत्र की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।
