मधुबनी में अवैध वधशाला का भंडाफोड़, SSB-पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 10 गाय, 4 बछड़े और 30 किलो संदिग्ध गोमांस बरामद

मधुबनी, 12 जुलाई। भारत-नेपाल सीमा पर अवैध गतिविधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत 18वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (SSB) राजनगर एवं लौकहा थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मधुबनी जिले के लौकहा थाना क्षेत्र अंतर्गत परतीटोला गांव स्थित एक कथित अवैध वधशाला का भंडाफोड़ किया।

रविवार सुबह लगभग 5:45 बजे विश्वसनीय सूचना के आधार पर कमांडेंट कोजा राम लमरोर के मार्गदर्शन तथा उप कमांडेंट (प्रचालन) अजीत सिंह के नेतृत्व में की गई छापेमारी के दौरान 10 गाय, 4 बछड़े तथा लगभग 30 किलोग्राम संदिग्ध गोमांस बरामद किया गया।

कार्रवाई के दौरान मौके से चार लोगों को गिरफ्तार किया गया। इनमें मकसूद (40 वर्ष), मोहम्मद शाहिद (52 वर्ष), मोहम्मद अकबर तथा एक अन्य व्यक्ति शामिल हैं। सभी आरोपी मधुबनी जिले के लौकहा थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।

SSB के अनुसार, गुप्त सूचना मिलने के बाद पूरे क्षेत्र की पहले से निगरानी की गई थी, जिसके बाद संयुक्त टीम ने सफलतापूर्वक छापेमारी को अंजाम दिया। बरामद पशुओं, संदिग्ध गोमांस और गिरफ्तार आरोपियों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद लौकहा थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है।

पुलिस ने बताया कि मामले में संबंधित कानूनी धाराओं के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है। SSB ने कहा कि भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा के साथ-साथ सीमावर्ती क्षेत्रों में होने वाली अवैध गतिविधियों पर लगातार कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *