पटना/चंडीगढ़। बिहार में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने और नए कारोबारी अवसरों की तलाश के उद्देश्य से बिहार सरकार के उद्योग विभाग की ओर से चंडीगढ़ में Investors’ Meet का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने की, जबकि उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार के मार्गदर्शन में कार्यक्रम आयोजित हुआ।
बैठक में चंडीगढ़ और आसपास के प्रमुख उद्योगपतियों, उद्यमियों तथा व्यावसायिक संगठनों के 150 से अधिक प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस दौरान बिहार में निवेश की संभावनाओं, औद्योगिक आधारभूत संरचना, निवेशक-अनुकूल नीतियों और औद्योगिक साझेदारियों पर चर्चा की गई।
उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि बिहार में औद्योगिक निवेश और विस्तार की संभावनाएं लगातार बढ़ रही हैं। राज्य में औद्योगिक भूमि, प्रोत्साहन नीतियों, सरल स्वीकृति प्रक्रिया और संस्थागत सहयोग के माध्यम से निवेशकों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने उद्योग जगत के प्रतिनिधियों से बिहार में अपनी आगामी परियोजनाओं और विस्तार योजनाओं के लिए निवेश करने का आग्रह किया।
की
उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार ने कहा कि बिहार सरकार निवेशकों को परियोजना की शुरुआत से लेकर उसके क्रियान्वयन तक समन्वित सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है। राज्य में औद्योगिक आधारभूत संरचना के विस्तार और कारोबारी प्रक्रियाओं को सरल बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
यह निवेश संपर्क अभियान आगामी बिहार बिजनेस कनेक्ट 2027 – द ग्लोबल बिजनेस समिट की तैयारी का हिस्सा है। यह समिट 17 और 18 फरवरी 2027 को आयोजित होगा, जिसके माध्यम से बिहार में निवेश और औद्योगिक साझेदारियों को बढ़ावा देने का लक्ष्य रखा गया है।
बिहार में निवेश बढ़ाने के लिए चंडीगढ़ में इन्वेस्टर्स मीट, 150 से अधिक उद्योग प्रतिनिधि शामिल
