एशियाई एथलेटिक्स में दो पदक जीतने वाले बिहार के पहले खिलाड़ी बने सेतु मिश्रा, खेल विभाग ने दी बधाई
पटना, 12 जुलाई। बिहार के युवा एथलीट सेतु मिश्रा ने चीन में आयोजित एशियाई अंडर-23 एथलेटिक्स चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया। उन्होंने भारत के लिए 4×400 मीटर मिश्रित रिले में स्वर्ण पदक और पुरुष 4×400 मीटर रिले में रजत पदक जीतकर बिहार का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया।
बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवीन्द्रण शंकरण ने बताया कि पुरुष 4×400 मीटर रिले के फाइनल में सेतु मिश्रा ने भारतीय टीम के लिए तीसरा लेग दौड़ते हुए शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने चीन के धावक को कड़ी टक्कर देते हुए टीम की बढ़त बरकरार रखी और अंतिम धावक को बेहतरीन स्थिति में बैटन सौंपी, जिसके दम पर भारतीय टीम ने रजत पदक हासिल किया।
इससे पहले 4×400 मीटर मिश्रित रिले स्पर्धा में भी सेतु भारतीय टीम का अहम हिस्सा रहे, जहां भारत ने स्वर्ण पदक जीतकर चैंपियनशिप में शीर्ष स्थान हासिल किया।
इस उपलब्धि के साथ सेतु मिश्रा एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में दो पदक जीतने वाले बिहार के पहले एथलीट बन गए हैं। बिहार राज्य खेल प्राधिकरण एवं खेल विभाग ने इस ऐतिहासिक सफलता पर सेतु मिश्रा और भारतीय टीम को बधाई देते हुए इसे बिहार के खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि बताया है।
