पटना, 11 मई 2026। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, सदाकत आश्रम में रविवार को नेशनल टैलेंट हंट के माध्यम से चयनित प्रतिभागियों के लिए ओरिएंटेशन प्रोग्राम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बिहार कांग्रेस प्रभारी कृष्णा अल्लावारु एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम विशेष रूप से मौजूद रहे।
प्रवक्ता, पैनलिस्ट और प्रोग्राम रिसर्चर के रूप में चयनित सभी साथियों को बधाई देते हुए कृष्णा अल्लावारु ने कहा कि प्रवक्ता बनकर सफलता प्राप्त करना पूरी तरह आप पर निर्भर करता है। इसके लिए हर दिन स्वयं पर मेहनत और निरंतर अभ्यास करना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि प्रवक्ता बनना केवल पद प्राप्त करना नहीं है, बल्कि पार्टी की आवाज बनने की जिम्मेदारी है। प्रवक्ताओं को बिहार, जनता और देश की आवाज बनकर सच्चाई को मजबूती के साथ जनता के सामने रखना होगा। उन्होंने आगे कहा कि इस क्षेत्र में सफलता के लिए हुनर के साथ-साथ हिम्मत भी जरूरी है। यदि आत्मविश्वास होगा तो जनता भी साथ खड़ी होगी।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने उपस्थित प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि नए और ऊर्जावान साथियों के जुड़ने से संगठन को मजबूती मिलेगी। इससे पार्टी की विचारधारा को मजबूती से जनता तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि वरिष्ठ पत्रकार संजय कुमार ने सफल प्रतिभागियों के बीच अपने अनुभव साझा किए।
इस अवसर पर पूर्व डीजीपी करुणा सागर, मीडिया चेयरमैन राजेश राठौड़, टैलेंट हंट के संयोजक असितनाथ तिवारी, मिन्नत रहमानी, रंजीत कुमार मिश्रा, चंद्र भूषण राजपूत, कमल कमलेश, राजीव मेहता सहित नेशनल टैलेंट हंट के सभी सफल प्रतिभागी उपस्थित रहे।
