पटना, 24 मई (विशेष संवाददाता)।सहकारिता विभाग किसानों को सब्जी उत्पादों का बेहतर मूल्य दिलाने और सशक्त बाजार व्यवस्था बनाने के लिए 25 मई को पटना में राज्यस्तरीय क्रेता-विक्रेता सम्मेलन-2026 आयोजित कर रहा है।
बिहार राज्य सब्जी प्रसंस्करण एवं विपणन सहकारी फेडरेशन लिमिटेड यानी वेजफेड द्वारा ‘हर थाली में बिहारी तरकारी’ अभियान के तहत यह एक दिवसीय सम्मेलन डीएनएस क्षेत्रीय सहकारी प्रबंध संस्थान, शास्त्री नगर में सुबह 9:30 बजे से होगा।
सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे। सम्मेलन में राज्य और राष्ट्रीय स्तर के संस्थागत खरीदार, सब्जी उत्पादक समूह, किसान उत्पादक संगठन FPO, सहकारी संस्थाओं के प्रतिनिधि और कृषि विशेषज्ञ भाग लेंगे।
विभाग के अनुसार बिहार आज सब्जी उत्पादन और बागवानी में देश के अग्रणी राज्यों में है। बड़े पैमाने पर उत्पादन के बावजूद किसानों को विपणन, भंडारण, खरीदारों तक सीधी पहुंच और उचित मूल्य की चुनौती रहती है। इन्हीं समस्याओं के समाधान के लिए यह सम्मेलन हो रहा है।
हर थाली में बिहारी तरकारी’ अभियान का मकसद बिहार की सब्जियों को राष्ट्रीय बाजार में नई पहचान दिलाना है। सम्मेलन में खरीदारों और उत्पादकों के बीच सीधा संवाद होगा। आधुनिक बाजार व्यवस्था, मूल्य संवर्धन, कोल्ड चेन, ब्रांडिंग और आपूर्ति श्रृंखला मजबूत करने पर चर्चा होगी।
इससे किसानों को नए बाजार मिलेंगे और सहकारी संस्थाओं को बड़े व्यापारिक साझेदारी के अवसर मिलेंगे। इससे राज्य की कृषि अर्थव्यवस्था को नई गति मिलने की उम्मीद है
