बिहार में 66,450 किसान एफपीओ से जुड़े, 67 संगठनों में शुरू हुआ व्यवसाय – खेती के साथ उद्यमिता से बढ़ेगी किसानों की आय

पटना। बिहार में किसानों को खेती के साथ व्यवसाय से जोड़ने और उनकी आमदनी बढ़ाने की दिशा में सहकारिता विभाग की पहल रंग ला रही है। सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव ने बताया कि राज्य के 21 जिलों की 100 पंचायतों में किसान उत्पादन संगठन यानी एफपीओ का गठन पूरा कर लिया गया है। इन संगठनों से अब तक 66 हजार 450 किसान जुड़ चुके हैं।
मंत्री ने बताया कि 100 एफपीओ में से 67 में खाद-बीज की बिक्री, मशरूम उत्पादन, डेयरी, तेल मिल, गुड़ उत्पादन, पशुपालन और सिलाई जैसी व्यावसायिक गतिविधियां शुरू हो चुकी हैं। वहीं, शेष 33 एफपीओ से जुड़े किसानों को व्यवसाय शुरू करने से पहले प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
इन एफपीओ में 3 करोड़ 14 लाख रुपये से अधिक की अंशपूंजी जमा की गई है, जिसमें 50 प्रतिशत राशि सरकार की ओर से अनुदान के रूप में उपलब्ध कराई गई है।
मंत्री राम कृपाल यादव ने कहा कि एफपीओ के माध्यम से किसान अपने उत्पादों का प्रसंस्करण और विपणन कर बेहतर लाभ प्राप्त कर रहे हैं। इससे बिचौलियों पर निर्भरता कम होगी और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
उन्होंने अधिकारियों को सभी एफपीओ की नियमित समीक्षा करने, किसानों को प्रशिक्षण देने और उनके उत्पादों के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
सरकार का लक्ष्य किसानों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना और खेती को लाभकारी व्यवसाय के रूप में विकसित करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *