बिलासपुर जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह_ ने प्रेसवार्ता में जिले की कानून व्यवस्था, लंबित मामलों और पुलिस की उपलब्धियों पर विस्तार से जानकारी दी।
*”बाल सुधार गृह हत्याकांड के 4 आरोपी जल्द पकड़े जाएंगे”*
एसपी रजनेश सिंह से जब सवाल किया गया कि बाल सुधार गृह के चौकीदार की हत्या करने वाले 4 नाबालिग आरोपी अभी तक पुलिस के हाथ क्यों नहीं लगे तो उन्होंने कहा कि घटना को गंभीरता से लेते हुए विशेष पुलिस टीम का गठन कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि बाल सुधार गृह से 4 युवक फरार हो गए थे और फरार होने के दौरान उन्होंने वहां के चौकीदार की हत्या कर दी थी ! घटना के बाद से ही पुलिस की कई टीमें लगातार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही हैं। पुलिस तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों के संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
एसपी ने भरोसा दिलाया कि पुलिस आरोपियों को बहुत जल्द गिरफ्तार कर लेगी और उन्हें कड़ी सजा दिलाई जाएगी!
*नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने पर सख्ती*
एसपी ने आम जनता से अपील की कि अपने नाबालिग बच्चों को फोर व्हीलर गाड़ी न चलाने दें! उन्होंने कहा कि नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने से न सिर्फ उनकी जान को खतरा है बल्कि आमजन की सुरक्षा भी खतरे में पड़ती है।
उन्होंने चेतावनी दी कि अगर कोई भी नाबालिग फोर व्हीलर वाहन चलाते हुए पकड़ा जाता है तो वाहन मालिक के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए वाहन को जप्त कर लिया जाएगा और संबंधित धाराओं में उचित कार्रवाई की जाएगी।
*रतनपुर पुलिस की तारीफ*
रतनपुर पुलिस द्वारा 4 दिन में दो वारदातों का खुलासा करने पर एसपी ने कहा कि रतनपुर की पूरी टीम को हमारी तरफ से शुभकामनाएं। थाना प्रभारी निलेश पांडे के नेतृत्व में रतनपुर पुलिस बहुत ही अच्छा कार्य कर रही है। कम समय में दो बड़े मामलों का खुलासा उनकी सक्रियता और मेहनत को दर्शाता है। उनकी टीम को इस सफलता के लिए बधाई।
एसपी रजनेश सिंह ने अंत में कहा कि जिले में अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। पुलिस जनता के सहयोग से ही अपराध मुक्त बिलासपुर बनाने के लिए संकल्पित है।
