दिल दहला देने वाली घटना चैनपुर में नशे में धुत युवक ने दो लोगों को लाठी-डंडों से पीटकर मार डाला

Oplus_131072

चैनपुर: चैनपुर थाना क्षेत्र के जनावल पंचायत अंतर्गत आते सुदूरवर्ती लिगिरपाठ गांव में एक वीभत्स घटना सामने आई है, जहाँ नशे में धुत एक युवक ने लाठी-डंडों से पीट-पीटकर दो लोगों की हत्या कर दी। मृतकों की पहचान बुधराम मुंडा (23) और सुखदेव मुंडा (60) के रूप में हुई है, जबकि आरोपी का नाम छोटे मुंडा (18) है।मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को छोटे मुंडा, बुधराम मुंडा और सुखदेव मुंडा गांव से कुछ दूरी पर एक सुनसान जगह पर बैठकर शराब का सेवन कर रहे थे। इसी दौरान किसी बात पर उनमें आपस में झगड़ा हो गया। झगड़े में छोटे मुंडा और बुधराम मुंडा ने मिलकर सुखदेव मुंडा को लाठी से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। इस घटना के बाद बुधराम और छोटे मुंडा ने गांव वालों को इसकी जानकारी नहीं दी।शनिवार देर शाम, छोटे मुंडा और बुधराम मुंडा फिर से एक साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इस दौरान छोटे मुंडा और बुधराम मुंडा के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि छोटे मुंडा ने बुधराम मुंडा को भी लाठी से पीट-पीटकर मार डाला।दोनों हत्याओं को अंजाम देने के बाद, छोटे मुंडा शवों को गांव के किनारे एक गड्ढे में फेंककर मिट्टी डालने की फिराक में था। तभी सुखदेव मुंडा की बेटी जतरी मुंडा और बड़का दामाद को इस घटना का पता चला। उन्होंने तुरंत मौके पर पहुंचकर छोटे मुंडा को पकड़ लिया और उससे पूछताछ की। पूछताछ के दौरान छोटे मुंडा ने पूरी घटना ग्रामीणों को बताई। ग्रामीणों ने उसे एक पानी की टंकी में पकड़कर रखा।रविवार सुबह चैनपुर थाना को इसकी सूचना दी गई। सूचना मिलते ही एसआई दिनेश कुमार, अशोक कुमार, विजय उरांव और थाना के जवान घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने गड्ढे से शवों को बाहर निकाला, एवं लाठी को और छोटे मुंडा को हिरासत में लेकर चैनपुर थाना ले आए। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए गुमला सदर अस्पताल भेज दिया गया है।मृतक सुखदेव मुंडा की बेटी जतरी मुंडा ने बताया कि उनके परिवार में चार लोग हैं। उनकी मां शहर में काम करती हैं और घर में छोटे-छोटे भाई हैं। पिता की मौत के बाद अब घर में कोई कमाने वाला नहीं है और ना ही कोई उनकी देखभाल करने वाला है, जिससे परिवार के सामने जीवनयापन का संकट खड़ा हो गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *