पटना में फार्मासिस्टों का महाकुंभ! रोगाणुरोधी प्रतिरोध से मुकाबले के लिए एकजुट हुए फार्मेसी संस्थान, विश्व फार्मासिस्ट दिवस एवं राष्ट्रीय फार्मेसी सप्ताह 2026 का समापन

पटना में विश्व फार्मासिस्ट दिवस एवं राष्ट्रीय फार्मेसी सप्ताह 2026 का समापन, AMR से मुकाबले का लिया संकल्प
पटना। भारतीय फार्मेसी परिषद (पीसीआई), नई दिल्ली की ओर से बुधवार, 25 नवंबर 2026 को पटना के गांधी मैदान स्थित बापू सभागार में विश्व फार्मासिस्ट दिवस एवं राष्ट्रीय फार्मेसी सप्ताह 2026 का राज्य स्तरीय समारोह आयोजित किया गया। राजकीय फार्मेसी संस्थान, पटना की मेजबानी में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य विषय “स्वस्थ भारत: रोगाणुरोधी प्रतिरोध (AMR) से मुकाबला” रहा।

समारोह में बिहार के विभिन्न फार्मेसी संस्थानों के विद्यार्थी, शिक्षक, कार्यरत फार्मासिस्ट, सरकारी प्रतिनिधि और चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े विशिष्ट अतिथियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य फार्मासिस्टों की भूमिका को मजबूत करना तथा एंटीबायोटिक दवाओं के विवेकपूर्ण और जिम्मेदार उपयोग के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना था।
कार्यक्रम की शुरुआत गांधी मैदान के गेट संख्या पांच से रोगाणुरोधी प्रतिरोध के प्रति जागरूकता रैली के साथ हुई। इसके बाद उद्घाटन सत्र आयोजित किया गया, जिसमें बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री श्री दिलीप कुमार जायसवाल, भारतीय फार्मेसी परिषद के अध्यक्ष डॉ. मोंटुकुमार एम. पटेल, भारत के औषधि महानियंत्रक डॉ. राजीव सिंह रघुवंशी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए अतिथियों ने रोगाणुरोधी प्रतिरोध यानी AMR को जनस्वास्थ्य के लिए गंभीर चुनौती बताते हुए इसके खिलाफ सामूहिक प्रयास की आवश्यकता पर जोर दिया। पीसीआई अध्यक्ष डॉ. मोंटुकुमार एम. पटेल ने बिहार में स्वास्थ्य सेवाओं के समग्र विकास और फार्मेसी क्षेत्र की प्रगति के लिए परिषद की ओर से सहयोग का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम के दौरान पैनल चर्चा, फार्मा क्विज, साइंटून्स, पोस्टर प्रस्तुति, सूचना-पत्रक निर्माण, रील निर्माण और नुक्कड़ नाटक जैसी शैक्षणिक एवं जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को जनस्वास्थ्य से जुड़े संदेशों को प्रभावी ढंग से समाज तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया गया।
समापन सत्र में कार्यक्रम की रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। इसके साथ ही पुरस्कार वितरण, सहभागी संस्थानों एवं विशेष योगदान देने वालों का सम्मान, धन्यवाद ज्ञापन और बिहार राज्य गीत के साथ समारोह का समापन हुआ।
भारतीय फार्मेसी परिषद ने इस आयोजन के माध्यम से एंटीबायोटिक दवाओं के जिम्मेदार उपयोग, रोगाणुरोधी दवाओं के उचित प्रबंधन और जनभागीदारी के महत्व को रेखांकित किया। परिषद ने स्पष्ट किया कि रोगाणुरोधी प्रतिरोध से मुकाबला करना केवल स्वास्थ्य विभाग या चिकित्सकों की नहीं, बल्कि फार्मासिस्टों, स्वास्थ्य संस्थानों और आम नागरिकों की भी साझा जिम्मेदारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *