आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ता पोढा सेहल गांव, रेनमैटर व पानी फाउंडेशन की टीम ने देखे विकास कार्य,आम बागवानी, जंगल संरक्षण व जैविक खेती से बदल रही तस्वीर, प्रदान संस्था व पंचायत के सहयोग से चल रहे प्रयास
पब्लिक आई न्यूज़ घाघरा (गुमला): देश की नामी संस्थाएं अब झारखंड के गांवों को आत्मनिर्भर बनाने की पहल से जुड़ रही हैं। इसी कड़ी में बुधवार को रेनमैटर, दसरा, हर्षा ट्रस्ट, पानी फाउंडेशन व अन्य सहयोगी संस्थानों की टीम पोढा सेहल गांव पहुंची। टीम ने प्रदान संस्था, सरकार व पंचायत के सहयोग से चल रहे विकास कार्यों का जायजा लिया।
भ्रमण का मुख्य उद्देश्य गांव में चल रही गतिविधियों और उनसे हो रहे सकारात्मक बदलावों को समझना था। टीम ने आम बागवानी, जंगल संरक्षण, जैविक खेती तथा अन्य सामुदायिक प्रयासों को देखा। इस पहल का मुख्य उद्देश्य गांव की बाहरी निर्भरता को कम करना तथा सामाजिक, आर्थिक और पर्यावरणीय दृष्टि से एक सशक्त एवं स्वावलंबी गांव का निर्माण करना है। टीम ने जाना कि किस प्रकार गांव धीरे-धीरे आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहा है। पूरी प्रक्रिया में समुदाय, प्रदान संस्था, सरकारी सहयोग एवं ग्रामीणों की सहभागिता अहम भूमिका निभा रही है। ग्रामीणों ने टीम को बताया कि जैविक खेती व बागवानी से आय बढ़ी है और जंगल संरक्षण से पर्यावरण बेहतर हुआ है।इस दौरान विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों के साथ प्रदान संस्था के कार्यकर्ता, पंचायत प्रतिनिधि व बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।
