पटना, 26 मई 2026:
श्रीलंका के कलुथारा में चल रही कॉमनवेल्थ यूथ चेस चैंपियनशिप 2026 में बिहार के होनहार खिलाड़ी रेयान मोहम्मद ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 पदक अपने नाम किए हैं। रेयान ने U-18 आयु वर्ग की रैपिड और ब्लिट्ज़ स्पर्धा में स्वर्ण पदक जबकि क्लासिकल स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर बिहार का परचम लहराया है।
बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवीन्द्रन शंकरण ने रेयान की इस उपलब्धि पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि रेयान ने ना सिर्फ बिहार को गौरवान्वित किया है, बल्कि अपनी इस कामयाबी से राज्य के अन्य खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणा का काम किया है। इससे युवा खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ेगा और वे अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित होंगे।
कॉमनवेल्थ यूथ चेस चैंपियनशिप में U-18 कैटेगरी की तीनों फॉर्मेट – रैपिड, ब्लिट्ज़ और क्लासिकल में पदक जीतना रेयान की बहुमुखी प्रतिभा को दर्शाता है। रैपिड और ब्लिट्ज़ में गोल्ड जीतकर उन्होंने अपनी तेज सोच और त्वरित निर्णय क्षमता का परिचय दिया, वहीं क्लासिकल में ब्रॉन्ज उनके धैर्य और गहरी रणनीति का प्रमाण है।
BSSA अब रेयान जैसे प्रतिभावान खिलाड़ियों को ओलंपिक ट्रेनिंग सेंटर, राजगीर में विशेष ट्रेनिंग देने की योजना बना रहा है।
