पटना, 26 मई 2026:
युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के तहत बिहार कौशल विकास मिशन द्वारा पटना के ज्ञान भवन में आयोजित “तीन दिवसीय राज्य स्तरीय स्वास्थ्य एवं सम्बद्ध क्षेत्र रोजगार मेला 2026” में युवाओं को बड़ी कामयाबी मिली है। मेले के दूसरे दिन 3659 युवाओं का विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में चयन किया गया।
चयनित 3659 अभ्यर्थियों में 3050 पुरुष और 609 महिलाएं शामिल हैं। खास बात यह है कि 747 पुरुष अभ्यर्थियों को विदेश में काम करने का अवसर मिला है। दूर-दराज के जिलों से भी बड़ी संख्या में युवा QR कोड के जरिए रजिस्ट्रेशन कर मेले में पहुंच रहे हैं।
27 मई तक चलने वाले इस मेले में देश के प्रतिष्ठित अस्पताल मेदांता, अपोलो, पारस, रुबन, अखण्ड ज्योति और पोर्टिया हिस्सा ले रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय प्लेसमेंट के लिए ब्लू सीज टैलेंट एलएलपी, मैजिक बिलियन, 2 कॉम्स जॉब्स एकेडमी, अल्फा मैनपावर, केयर 24 और एम्परसैंड इंटरनेशनल मोबिलिटी जैसी कंपनियां मौजूद हैं।
बिहार कौशल विकास मिशन के अधिकारियों ने बताया कि यह मेला स्वास्थ्य एवं सम्बद्ध क्षेत्र में करियर बनाने के इच्छुक युवाओं के लिए सुनहरा अवसर है। यहां नर्सिंग, पैरामेडिकल, हॉस्पिटल एडमिन, फार्मा और होमकेयर सेक्टर में नौकरियां दी जा रही हैं। पहले दिन भी हजारों युवाओं ने इंटरव्यू दिए थे।
BSDM का लक्ष्य है कि बिहार के कुशल युवाओं को राज्य के साथ-साथ देश-विदेश में रोजगार दिलाया जाए। मेले के अंतिम दिन 27 मई को भी बड़ी संख्या में चयन की उम्मीद है।
