बहादुरपुर विधानसभा क्षेत्र के पंचोभ गांव में ग्रामीण युवाओं को डिजिटल शिक्षा से जोड़ने की पहल की गई है। भाजपा नेता मन्नु चौधरी के आवास पर शुक्रवार को निःशुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र यानी डिजिटल पाठशाला का शुभारंभ किया गया।
इस डिजिटल पाठशाला का उद्घाटन पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं मोतिहारी सांसद राधामोहन सिंह, दरभंगा सांसद गोपालजी ठाकुर, राज्यसभा सांसद धर्मशीला गुप्ता और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
इस मौके पर भाजपा नेता मन्नु चौधरी ने कहा कि डिजिटल पाठशाला शुरू करने का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों और युवाओं को निःशुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है, ताकि ग्रामीण क्षेत्र के युवा भी तकनीकी शिक्षा हासिल कर डिजिटल रूप से सशक्त बन सकें।
कार्यक्रम में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता, जिला पदाधिकारी, समाजसेवी, विद्यापति सेवा संस्थान के सदस्य और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
ग्रामीण युवाओं को डिजिटल शिक्षा से जोड़ने की यह पहल रोजगार और तकनीकी ज्ञान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
दरभंगा, पंचोभ में डिजिटल पाठशाला का शुभारंभ, ग्रामीण युवाओं को मिलेगा मुफ्त कंप्यूटर प्रशिक्षण
