भारतीय सेना के जवान और रिटायर्ड दरोगा ने बढ़ाया ‘Health is Wealth’ ग्रुप का हौसला
सैदनपुर: स्वास्थ्य जागरूकता को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित ‘Health is Wealth’ ग्रुप द्वारा एक प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर ग्रुप के सभी सदस्यों को आधिकारिक ड्रेस कोड (टी-शर्ट एवं हाफ पैंट) वितरित किया गया, जो स्वास्थ्य, अनुशासन और एकजुटता का प्रतीक माना जा रहा है।
कार्यक्रम में भारतीय थल सेना के जवान इंद्रजीत सिंह तथा उनके पिता श्रीकांत सिंह (सेवानिवृत्त बिहार दरोगा) मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। दोनों के सम्मानित हाथों से ग्रुप के सदस्यों को ड्रेस कोड वितरित किया गया। ग्रुप के अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह चौहान एवं सभी सदस्यों ने उनका आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सेना और पुलिस परिवार का सहयोग इस अभियान को नई ऊर्जा प्रदान करेगा।
इस मौके पर अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह चौहान ने लोगों से नियमित व्यायाम, सुबह की सैर और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील करते हुए कहा कि “स्वास्थ्य ही असली धन है। बीमारी को हराना है, तो रोज सुबह मैदान में आना है।”
ग्रुप ने क्षेत्र के युवाओं और नागरिकों से इस फिटनेस अभियान से जुड़कर एक स्वस्थ, जागरूक और सशक्त समाज के निर्माण में भागीदारी निभाने की अपील की।
