गुमला। गुमला नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड नंबर-9 से गुजरने वाली सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। हल्की बारिश होते ही सड़क पर जलभराव हो जाता है, जिससे पूरा मार्ग टापू जैसा दिखाई देने लगता है और आवागमन बाधित हो जाता है।
अंजुमन इस्लामिया ट्रस्ट के प्रवक्ता खुर्शीद आलम ने इस समस्या पर चिंता व्यक्त करते हुए नगर पालिका प्रशासन और स्थानीय विधायक भूषण तिर्की से मामले को गंभीरता से लेने की अपील की है। उनका कहना है कि इसी मार्ग से प्रतिदिन विभिन्न वार्डों के लोग, स्कूली बच्चे-बच्चियां और जनप्रतिनिधि भी गुजरते हैं, लेकिन अब तक सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई है।
खुर्शीद आलम ने बताया कि समस्या को प्रशासन के संज्ञान में लाने के लिए सड़क की बदहाली का वीडियो बनाकर गुमला उपायुक्त को भेजा गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि उपायुक्त के हस्तक्षेप के बाद सड़क की स्थिति में जल्द सुधार होगा।
