पटना नगर निगम द्वारा वार्डों में प्रतिदिन दो पालियों में फॉगिंग एवं एंटी-लार्वा का डोर-टू-डोर छिड़काव
**********************
पटना।वर्षा के दौरान डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया सहित अन्य मच्छरजनित एवं जलजनित बीमारियों के संभावित प्रसार को रोकने के उद्देश्य से पटना नगर निगम द्वारा सभी वार्डों में प्रतिदिन दो पालियों में व्यापक स्तर पर फॉगिंग एवं एंटी-लार्वा का डोर-टू-डोर छिड़काव अभियान संचालित किया जा रहा है। यह अभियान पूरे नगर निगम क्षेत्र में निर्धारित माइक्रो प्लान एवं रोस्टर के अनुसार नियमित रूप से चलाया जा रहा है।
नगर निगम द्वारा केवल आवासीय के साथ साथ सार्वजनिक स्थलों, व्यावसायिक परिसरों तथा संभावित मच्छर प्रजनन स्थलों पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। अभियान के तहत मॉल, बाजार, कार्यालय परिसर, अपार्टमेंट, खुले प्लॉट, निर्माणाधीन स्थल, खुले एवं बंद नाले, जलजमाव वाले क्षेत्र तथा अन्य संवेदनशील स्थानों पर प्राथमिकता के आधार पर फॉगिंग एवं एंटी-लार्वा का छिड़काव किया जा रहा है।
इसके अतिरिक्त, नगर निगम द्वारा ठोस अपशिष्ट (जीवीपी) हटाने के उपरांत संबंधित स्थलों पर संक्रमण की रोकथाम एवं स्वच्छता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चूना-ब्लीचिंग सहित अन्य कीटाणुनाशक रसायनों का भी नियमित छिड़काव कराया जा रहा है।
*पर्याप्त संसाधनों के साथ चल रहा है अभियान*
पटना नगर निगम क्षेत्र के सभी अंचलों में फॉगिंग अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए कुल 58 वाहन-माउंटेड (Vehicle Mounted) फॉगिंग मशीनें उपलब्ध हैं। अंचलवार इनकी संख्या निम्नलिखित है—
*अजीमाबाद अंचल* – 8
*बांकीपुर अंचल* – 9
*कंकड़बाग अंचल* – 10
*नूतन राजधानी अंचल*– 12
*पाटलिपुत्र अंचल* – 13
*पटना सिटी अंचल* – 6
इसके अतिरिक्त, प्रत्येक वार्ड के लिए एक-एक हैंड-माउंटेड फॉगिंग मशीन उपलब्ध कराई गई है, जिससे संकरी गलियों, आवासीय परिसरों एवं ऐसे क्षेत्रों में भी प्रभावी फॉगिंग सुनिश्चित की जा रही है, जहां वाहन-माउंटेड मशीनों की पहुंच संभव नहीं है।
एंटी-लार्वा छिड़काव के लिए नगर निगम के प्रत्येक सेक्टर में एक किट उपलब्ध कराई गई है। इस प्रकार पूरे नगर निगम क्षेत्र में कुल 375 एंटी-लार्वा किट कार्यरत हैं। एंटी-लार्वा उपचार के लिए टेमीफॉस (Temephos) रसायन का उपयोग किया जा रहा है, जो मच्छरों के लार्वा को नष्ट कर उनके प्रजनन को नियंत्रित करने में प्रभावी माना जाता है।
*माइक्रो प्लान एवं रोस्टर के अनुसार हो रहा कार्य*
नगर निगम के प्रत्येक अंचल द्वारा अपने-अपने क्षेत्र के लिए विस्तृत माइक्रो प्लान तैयार किया गया है। इसी योजना एवं निर्धारित रोस्टर के अनुरूप प्रतिदिन दो पालियों में फॉगिंग एवं एंटी-लार्वा छिड़काव का कार्य किया जा रहा है। इसके साथ ही नागरिकों की मांग एवं शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए नगर निगम की टीम संबंधित घरों एवं परिसरों में पहुंचकर भी फॉगिंग एवं एंटी-लार्वा का छिड़काव कर रही है।
*नागरिकों से सहयोग की अपील*
पटना नगर निगम नागरिकों से अपील करता है कि वे अपने घरों एवं आसपास जलजमाव न होने दें, साफ-सफाई बनाए रखें तथा मच्छरों के प्रजनन को रोकने में प्रशासन का सहयोग करें। यदि किसी क्षेत्र, आवासीय परिसर या घर में फॉगिंग अथवा एंटी-लार्वा छिड़काव की आवश्यकता हो, तो नागरिक नगर निगम के टोल-फ्री नंबर 155304 अथवा व्हाट्सएप चैटबॉट नंबर 9264447449 पर संपर्क कर सेवा का अनुरोध कर सकते हैं। नगर निगम की टीम प्राप्त अनुरोधों के आधार पर संबंधित स्थान पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।
पटना नगर निगम वर्षा के दौरान जनस्वास्थ्य की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मच्छरजनित एवं संक्रामक बीमारियों की रोकथाम के लिए सतत एवं व्यापक अभियान चला रहा है तथा नागरिकों के सहयोग से इस अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
