भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी पर बड़ा प्रहार
मधुबनी, 14 जुलाई। भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में 18वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), राजनगर ने पुलिस, उत्पाद विभाग और औषधि नियंत्रण विभाग के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। संयुक्त टीम ने लदनियां बाजार स्थित भारतीय सीमा क्षेत्र में छापेमारी कर भारी मात्रा में प्रतिबंधित एवं नियंत्रित दवाइयाँ, भारतीय और नेपाली मुद्रा तथा सोना-चाँदी बरामद किया। इस कार्रवाई में दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
कमांडेंट कोजा राम लमरोर के मार्गदर्शन तथा सहायक कमांडेंट अजीत कुमार और इंस्पेक्टर सी. लालथनपुईया के नेतृत्व में मंगलवार को यह अभियान चलाया गया। विश्वसनीय सूचना के आधार पर एसएसबी की टीम ने थाना लदनियां पुलिस, औषधि निरीक्षक और उत्पाद विभाग के अधिकारियों के साथ मिलकर सीमा स्तंभ संख्या 264/19 के निकट कार्रवाई की।
छापेमारी के दौरान 1,005 बोतल कोडीन फॉस्फेट युक्त सिरप, 5,376 स्पास्मोप्रॉक्सीवॉन प्लस कैप्सूल, 2,400 नाइट्राज़ेपाम टैबलेट सहित अन्य प्रतिबंधित दवाइयाँ बरामद की गईं। इसके अलावा 4.30 लाख रुपये भारतीय मुद्रा, 4.50 लाख नेपाली मुद्रा, 24.940 ग्राम सोना (अनुमानित मूल्य ₹2.99 लाख) तथा 1.69 किलोग्राम चाँदी (अनुमानित मूल्य ₹1.75 लाख) भी जब्त की गई।
कार्रवाई के दौरान ललित कुमार यादव (47), निवासी कथा, थाना लदनियां, जिला मधुबनी तथा परमजीत मंडल (19), निवासी सिरहा, नेपाल को गिरफ्तार किया गया। प्रारंभिक पूछताछ में अवैध तस्करी से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। बरामद सभी सामग्री एवं दोनों आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए लदनियां थाना को सौंप दिया गया है।
एसएसबी ने कहा कि भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों, प्रतिबंधित दवाइयों और अन्य अवैध वस्तुओं की तस्करी रोकने के लिए स्थानीय पुलिस एवं अन्य प्रवर्तन एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर लगातार अभियान चलाया जा रहा है। भविष्य में भी ऐसे अभियान पूरी सतर्कता और सख्ती के साथ जारी रहेंगे।
