

उत्कृष्ट कार्य के लिए जू कर्मियों और पेंटिंग प्रतियोगिता के विजेता स्कूली बच्चों को किया गया सम्मानित
पटना, 29 जुलाई 2026:
अंतरराष्ट्रीय बाघ दिवस के अवसर पर बुधवार को संजय गांधी जैविक उद्यान (पटना जू) में राज्यस्तरीय कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस मौके पर बिहार सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के माननीय मंत्री डॉ० राम चन्द्र प्रसाद ने पटना जू में जन्मे चार नवजात बाघ शावकों का नामकरण कर उन्हें पर्यटकों के दीदार के लिए इंक्लोजर में रिलीज़ किया।
मंत्री जी ने नन्हें शावकों के नाम ‘पूर्णिमा’, ‘सृष्टि’, ‘रूद्र’ और ‘तेजस’ रखे। इन चार नए सदस्यों के आगमन के साथ ही अब पटना जू में बाघों की कुल संख्या बढ़कर 10 हो गई है।
बाघ इंक्लोजर का निरीक्षण करने के उपरांत जू के 3D थियेटर में आयोजित मुख्य समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री डॉ० राम चन्द्र प्रसाद ने कहा, कि बाघ हमारी गौरवशाली प्राकृतिक धरोहर और राष्ट्रीय पशु हैं। बाघों का संरक्षण केवल जैव विविधता की रक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हमारे संपूर्ण वन पारिस्थितिकी तंत्र के संतुलन को बनाए रखने के लिए अत्यंत आवश्यक है। बाघों की सुरक्षा हमारी आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य से जुड़ी है और यह हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।”
उन्होंने पटना जू प्रशासन द्वारा वन्यजीव प्रबंधन, आधुनिक पशु चिकित्सा सेवाओं और सफल प्रजनन के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
53 वर्षों की ऐतिहासिक उपलब्धि
कार्यक्रम के दौरान बिहार राज्य जैव-विविधता पर्षद के अध्यक्ष और जू निदेशक ने बताया कि विगत 53 वर्षों में पटना जू कुल 53 बाघों का आवास रहा है। इनमें से 36 बाघों का जन्म स्वयं पटना जू के सफल संरक्षण एवं प्रजनन कार्यक्रम के तहत हुआ है, जो वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि है। वक्ताओं ने भारत में बाघों की बढ़ती संख्या और वाल्मीकि व्याघ्र आरक्ष (VTR) में किए जा रहे प्रयासों पर भी विस्तृत जानकारी दी।
जू कर्मियों एवं मेधावी छात्रों का सम्मान
शावकों की देखरेख और स्वास्थ्य प्रबंधन में उत्कृष्ट भूमिका निभाने वाले पशुचिकित्सकों, पशुपालकों एवं जू कर्मियों को मंत्री द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही, बाघ संरक्षण जागरूकता के तहत आयोजित पेंटिंग प्रदर्शनी का अवलोकन किया गया और सफल प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया:
कैटेगरी-A: अपराजिता कुमारी (संत कैरेंस स्कूल) — प्रथम
कैटेगरी-B: आरोही सिंह (संत माइकल्स स्कूल) — प्रथम
कैटेगरी-C: कृतिका अमृत — प्रथम
कैटेगरी-D: ऋषिता सिंह — प्रथम
कार्यक्रम में बिहार राज्य जैव-विविधता पर्षद के अध्यक्ष श्री भारत ज्योति, विभाग के विशेष सचिव श्री आलोक कुमार, मुख्य वन संरक्षक (प्रशासन) श्री अमित कुमार, वन संरक्षक (मुख्यालय) श्री सत्यजीत कुमार, पटना जू के निदेशक श्री हेमंत पाटील, मंत्री के आप्त सचिव श्री रविश किशोर सहित विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।
