नेहरू पर्वतारोहण संस्थान में सात दिवसीय साहसिक प्रशिक्षण संपन्न
पटना, 16 अप्रैल, 2026: बिहार के कृषि क्षेत्र में नई ऊर्जा और कुशल नेतृत्व का संचार करने के लिए उत्तराखंड के उत्तरकाशी भेजे गए कृषि विभाग के 150 पदाधिकारियों का सात दिवसीय विशेष साहसिक प्रशिक्षण सफलतापूर्वक संपन्न हो गया है। नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (NIM) में 08 अप्रैल से 14 अप्रैल तक चले इस प्रशिक्षण शिविर के समापन समारोह में विभाग के प्रधान सचिव श्री नर्मदेश्वर लाल शामिल हुए।
*किन अफसरों ने लिया प्रशिक्षण:*
इस एडवेंचर प्रशिक्षण कार्यक्रम में कृषि विभाग के सहायक निदेशक, उप निदेशक, उप सचिव और जिला कृषि पदाधिकारी स्तर के कुल 150 अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य पदाधिकारियों का शारीरिक एवं मानसिक क्षमता विकास के साथ-साथ नेतृत्व की क्षमता को निखारना था।
*प्रधान सचिव ने बताया उद्देश्य:*
समापन समारोह को संबोधित करते हुए कृषि विभाग के प्रधान सचिव श्री नर्मदेश्वर लाल ने कहा, “एक सुदृढ़ प्रशासन के लिए अधिकारियों का मानसिक और शारीरिक रूप से फिट होना अनिवार्य है। उत्तरकाशी की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में मिले इस प्रशिक्षण से हमारे पदाधिकारियों में जो आत्मविश्वास आया है, उसका उपयोग वे बिहार के किसानों की सेवा और कृषि योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन में करेंगे।”
*क्या सिखाया गया NIM में:*
नेहरू पर्वतारोहण संस्थान के विशेषज्ञों ने अधिकारियों को टीम वर्क, विपरीत परिस्थितियों में निर्णय लेना, तनाव प्रबंधन और नेतृत्व कौशल जैसे विषयों पर प्रशिक्षित किया। पर्वतारोहण, रैपलिंग और अन्य साहसिक गतिविधियों के जरिए अफसरों की सहनशक्ति और मनोबल बढ़ाने पर जोर दिया गया।
*अब क्या होगा फायदा:*
विभाग को विश्वास है कि इस अनुभव से अधिकारियों की कार्यशैली में सकारात्मक बदलाव आएगा। प्रशिक्षण पूरा कर सभी 150 पदाधिकारी अब वापस अपनी जिम्मेदारियों पर लौट रहे हैं और अधिक ऊर्जा के साथ विभागीय लक्ष्यों को प्राप्त करने में जुटेंगे। इससे फील्ड में किसानों के बीच काम करने की क्षमता और योजनाओं की मॉनिटरिंग, दोनों में सुधार की उम्मीद है।
