खगड़िया में नशा मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

खगड़िया। केंद्रीय संचार ब्यूरो, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार, मुंगेर की ओर से जे.एन.के.टी. इंटर विद्यालय, खगड़िया में नशा मुक्त भारत अभियान के तहत एक दिवसीय जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ खगड़िया विधायक बब्लू मंडल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक बब्लू मंडल ने कहा कि नशे के कारण कई परिवार उजड़ चुके हैं। अब समाज को मिलकर इस समस्या के खिलाफ मजबूती से अभियान चलाना होगा। उन्होंने छात्र-छात्राओं से नशे से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। उन्हें अपने लक्ष्य, कर्तव्यों और अच्छे कार्यों के प्रति समर्पित होकर राष्ट्र निर्माण का संकल्प लेना चाहिए।
जिला शिक्षा पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार गोंड ने विद्यार्थियों को शिक्षा के क्षेत्र में सरकार द्वारा संचालित विभिन्न सुविधाओं एवं योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सभी विद्यार्थी प्रतिभावान हैं और उन्हें अपना लक्ष्य निर्धारित कर उसे प्राप्त करने के लिए निरंतर मेहनत करनी चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान विधायक सहित सभी अतिथियों, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं छात्र-छात्राओं ने नशा मुक्त भारत अभियान को सफल बनाने की शपथ ली।
कार्यक्रम से पूर्व विद्यालय के छात्र-छात्राओं के बीच नशा मुक्ति विषय पर चित्रांकन प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें सोनम कुमारी ने प्रथम, अक्षिता रानी ने द्वितीय तथा लाडली कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। दीपिका को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। वहीं नशा मुक्त भारत अभियान पर भाषण प्रतियोगिता में सूरत राज, पलक पायल, सोनू कुमार, लाडली कुमारी, कोमल कुमारी एवं हर्ष आनंद ने भाग लिया। सभी सफल प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में आशीर्वाद रंगमंच, बेगूसराय के कलाकारों ने गीत एवं नाटक के माध्यम से नशे के दुष्परिणाम और नशा मुक्त समाज के महत्व को लेकर जागरूक किया।
इस अवसर पर जागरूकता रैली भी निकाली गई। विद्यालय की प्रधानाचार्या सोनी कुमारी ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली में विद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम का मंच संचालन सहायक क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी, मुंगेर सुदर्शन किशोर झा ने किया। धन्यवाद ज्ञापन विद्यालय की प्रधानाचार्या ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में विभाग के आदर्श कुमार, राकेश कुमार एवं संतोष कुमार यादव का सराहनीय सहयोग रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *