पटना पहुंचे यूनियन बैंक के MD एवं CEO आशीष पाण्डेय, साइबर फ्रॉड को लेकर ग्राहकों को किया जागरूक

पटना। यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी आशीष पाण्डेय पटना दौरे पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पटना अंचल एवं क्षेत्रीय कार्यालय की विभिन्न गतिविधियों की जानकारी ली और बैंक के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ संवाद किया।
पटना के होटल मौर्य में आयोजित कार्यक्रम में आशीष पाण्डेय ने प्रेस एवं मीडिया प्रतिनिधियों से भी बातचीत की। इस दौरान उन्होंने बैंकिंग सेवाओं, डिजिटल लेन-देन और लगातार बढ़ रहे साइबर फ्रॉड को लेकर ग्राहकों को विशेष रूप से सतर्क रहने की अपील की।
उन्होंने कहा कि साइबर अपराधी लोगों को इनाम, कैशबैक, फर्जी ऑफर और संदिग्ध लिंक के जरिए अपने जाल में फंसा रहे हैं। ऐसे में किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंकिंग से जुड़ी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए।
आशीष पाण्डेय ने ग्राहकों से खास तौर पर OTP, ATM PIN, UPI PIN, पासवर्ड और बैंकिंग डिटेल किसी के साथ साझा नहीं करने की अपील की। उन्होंने कहा कि बैंक का अधिकारी बनकर कोई OTP या PIN मांगे, तो ऐसी कॉल पर भरोसा नहीं करना चाहिए।
उन्होंने UPI इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों को भी सावधानी बरतने की सलाह दी। अनजान लिंक पर क्लिक करने, स्क्रीन शेयर करने या किसी के कहने पर UPI PIN डालने से बचने को कहा गया।
आशीष पाण्डेय ने कहा कि जागरूकता और सतर्कता से साइबर ठगी के मामलों से काफी हद तक बचा जा सकता है। किसी भी तरह की बैंकिंग समस्या या संदेह होने पर ग्राहक सीधे बैंक की शाखा या अधिकृत बैंकिंग माध्यम से संपर्क करें।
कार्यक्रम में बिहार और झारखंड के यूनियन बैंक के विभिन्न अधिकारी, बैंक प्रबंधक और कर्मचारी मौजूद रहे। इस दौरान ग्राहकों को सुरक्षित डिजिटल बैंकिंग उपलब्ध कराने और साइबर अपराध के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर भी चर्चा हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *